शामली। जिला पूर्ति कार्यालय में राशन कार्ड संबंधी कार्यों में लापरवाही और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सभासद निशीकांत संगल एवं अनिल उपाध्याय ने एडीएम को शिकायती पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
दिए गए पत्र में आरोप लगाया गया कि राशन कार्ड में नया यूनिट जोड़ने के लिए आवेदन करने के बाद भी जिला पूर्ति कार्यालय में समय पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। आवेदन कभी केवाईसी के नाम पर तो कभी पुराने आवेदन का हवाला देकर निरस्त कर दिए जाते हैं, जिससे आम लोगों को लगातार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।शिकायतकर्ताओं का कहना है कि संबंधित इंस्पेक्टर द्वारा अक्सर यह कहकर पल्ला झाड़ लिया जाता है कि आवेदन उनके लॉगिन पर नहीं आया है, जबकि जिला पूर्ति कार्यालय में जानकारी लेने पर आवेदन का कोई रिकॉर्ड नहीं मिलने की बात कही जाती है।
इसी प्रकार नए पात्र गृहस्थी राशन कार्ड बनाने में भी लापरवाही बरते जाने का आरोप लगाया गया है। नियमानुसार 72 घंटे बाद आवेदन डीएसओ लॉगिन से इंस्पेक्टर लॉगिन पर पहुंच जाना चाहिए, ताकि जांच कर आगे की कार्रवाई की जा सके, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। आरोप है कि बिना जांच किए ही वेबसाइट से पंजीकरण की पावती हटा दी जाती है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर जनहित में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।

