जयपुर मर्डर केस: अनुकंपा नौकरी के लालच में बेटी ने रची मां की हत्या की साजिश
जयपुर के प्रतापनगर इलाके में महिला नीरज शर्मा की मौत का मामला अब एक चौंकाने वाली हत्या की साजिश में बदल गया है।
शुरुआत में यह घटना एक सामान्य हिट एंड रन केस लग रही थी, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो कहानी पूरी तरह बदल गई। पुलिस के अनुसार, 45 वर्षीय नीरज शर्मा की हत्या के पीछे उनकी ही बेटी आयुषी का नाम सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक, नीरज शर्मा के पति की मौत के बाद परिवार को संभालने के लिए नीरज को अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली थी। यही बात उनकी 23 वर्षीय बेटी आयुषी को पसंद नहीं आई। पुलिस का दावा है कि आयुषी चाहती थी कि पिता की जगह नौकरी उसे मिले। इसके साथ ही संपत्ति को लेकर भी परिवार में विवाद चल रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आयुषी ने अपनी मां को रास्ते से हटाने के लिए कथित तौर पर 7 लाख रुपये की सुपारी दी थी। योजना के तहत 3 जुलाई को नीरज शर्मा को सफेद रंग की स्कॉर्पियो से कुचल दिया गया। घटना के बाद मामला हिट एंड रन जैसा दिखाया गया, लेकिन मृतका के भाई राकेश कुमार शर्मा को शुरू से ही इसमें साजिश की आशंका थी।
राकेश कुमार शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन नीरज पिछले कुछ समय से परेशान थीं। उन्होंने अपने भाई से कहा था कि ससुराल पक्ष के कुछ लोग उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं। नीरज ने यह भी बताया था कि संपत्ति को लेकर उन्हें धमकियां मिल रही थीं और इस दबाव में उनकी बेटी आयुषी का नाम भी सामने आता था।
नीरज की मौत के बाद जब परिवार की ओर से हत्या की आशंका जताई गई, तो पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल्स और संदिग्ध लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस को हत्या की साजिश का सुराग मिला। इसके बाद आयुषी समेत कुल सात आरोपियों को अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, आयुषी ने पूछताछ में कबूल किया कि वह अपनी मां से इस बात को लेकर नाराज थी कि पिता की मौत के बाद नौकरी उसे नहीं मिली। इसी नाराजगी और संपत्ति के लालच में उसने मां की हत्या की साजिश रची। हालांकि, उसका पूरा प्लान ज्यादा समय तक छिप नहीं पाया और पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।
इस घटना ने जयपुर में हर किसी को हैरान कर दिया है। जिस बेटी से मां को सहारे की उम्मीद थी, उसी पर मां की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

