Chakradhar Samaroh 2026: रायगढ़। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक राजधानी रायगढ़ एक बार फिर देशभर के कला प्रेमियों की मेजबानी के लिए तैयार है। संगीत सम्राट राजा चक्रधर सिंह की स्मृति में आयोजित होने वाला प्रतिष्ठित 41वां चक्रधर समारोह इस वर्ष 14 से 23 सितंबर 2026 तक रामलीला मैदान में आयोजित किया जाएगा।
Raigarh News
दस दिवसीय इस सांस्कृतिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से प्रसिद्ध कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।समारोह के दौरान शास्त्रीय संगीत, नृत्य, लोककलाओं और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजकों के अनुसार इस वर्ष भी देश के कई प्रतिष्ठित कलाकार मंच पर अपनी प्रस्तुति देकर दर्शकों को भारतीय संस्कृति की विविधता से रूबरू कराएंगे।
इस बार बनारस का चर्चित 'त्रिवेणी संगम' समूह, वृंदावन का लोकप्रिय 'माधवस रॉक बैंड', बनारस घराने के कलाकार रुद्रशंकर मिश्रा, केरल के प्रसिद्ध कलाकार गुरु कोटक्कल नंदकुमारन नायर की कथकली प्रस्तुति, कोलकाता का बाउल संगीत, भुवनेश्वर के बी. साहू की प्रस्तुति, हुबली के शिवनारायण हेगड़े का यक्षगान तथा तबला वादन के लिए विख्यात राजेंद्र गंगानी समारोह के प्रमुख आकर्षण होंगे।
चक्रधर समारोह भारतीय शास्त्रीय संगीत, नृत्य और लोकसंस्कृति को प्रोत्साहित करने वाला देश के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में गिना जाता है। इसका उद्देश्य राजा चक्रधर सिंह द्वारा स्थापित कला और संगीत की समृद्ध परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और कलाकारों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना है। आयोजन समिति ने बताया कि विभिन्न विधाओं के कई अन्य प्रतिष्ठित कलाकारों को भी समारोह में आमंत्रित करने की प्रक्रिया जारी है। हर वर्ष की तरह इस बार भी हजारों कला प्रेमियों के आयोजन में शामिल होने की संभावना है। Raigarh News

