Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
धरनारत ग्रामीणों के बीच पहुंचे निवर्तमान सांसद प्रदीप चौधरी, डीएम-एसई से की वार्ता

धरनारत ग्रामीणों के बीच पहुंचे निवर्तमान सांसद प्रदीप चौधरी, डीएम-एसई से की वार्ता

कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: कैराना लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा सांसद रहे प्रदीप चौधरी गांव जगनपुर में हाईटेंशन लाइन के विरोध में चल रहे धरना-प्रदर्शन के बीच पहुंचकर ग्रामीणों की समस्या से रूबरू हुए।

उन्होंने जिलाधिकारी व अधीक्षण अभियंता से फोन पर वार्ता करके ग्रामीणों की समस्या का समाधान कराए जाने को कहा।

विद्युत विभाग के द्वारा गांव जगनपुर से मन्नामाजरा ईदगाह के पास बन रही कॉलोनी के लिए नई एचटी लाइन का निर्माण किया जा रहा है, जिसका कण्डेला, हिंगोखेड़ी, जगनपुर व शेखूपुरा के ग्रामीण प्रबलता से विरोध कर रहे है। ग्रामीण पिछले पांच दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे है। विगत रविवार को एक्सईएन चतुर्थ जयप्रकाश ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर वार्ता का प्रयास किया था, जिस पर ग्रामीणों ने दो टूक कहा था कि विद्युत लाइन हटने तक वह अपना धरना-प्रदर्शन जारी रखेंगे। धरनास्थल पर भाजपा नेता अनिल चौहान व एक्सईएन के मध्य थोड़ी तीखी बहस भी हुई थी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है।

धरनारत ग्रामीणों का कहना है कि यह एचटी लाइन आबादी एवं प्राथमिक विद्यालय के निकट से होकर गुजर रही है। इसे जगनपुर टाउन की विद्युत लाइन से जोड़कर आगे भेजा जा रहा है, जिससे लाइन लंबी हो जाएगी और फॉल्ट की संभावनाओं में वृद्धि होगी। ग्रामीणों का यह भी तर्क है कि उक्त लाइन के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन भी खराब मौसम में परेशानी पैदा करेगी। इस विद्युत लाइन के नीचे से प्रतिदिन स्कूली बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग गुजरते हैं। पहले ही इस विद्युत लाइन में स्पार्किंग की घटनाएं होती रही हैं, जिससे बड़ा हादसा होने की संभावना बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों को ज्ञापन-पत्र देकर विद्युत लाइन को हटाने की मांग की जा चुकी है,

लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन की उदासीनता से क्षुब्ध होकर वह धरना-प्रदर्शन को विवश हुए है। वहीं, सोमवार को कैराना से निवर्तमान भाजपा सांसद प्रदीप चौधरी ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्या को गम्भीरता से सुना। उन्होंने डीएम आलोक यादव व अधीक्षण अभियंता बीरेंद्र सिंह से फोन पर वार्ता करके ग्रामीणों की समस्या से अवगत कराया। साथ ही, ग्रामीणों के विरोध के दृष्टिगत विद्युत लाइन को किसी अन्यत्र स्थान पर स्थानांतरित कराने को कहा। पूर्व सांसद ने ग्रामीणों को उनकी समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Sach Kahoon Hindi