Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
गेहूं खरीद केन्द्र पर धांधली के आरोप, सीबीआई जांच की मांग

गेहूं खरीद केन्द्र पर धांधली के आरोप, सीबीआई जांच की मांग

नुमानगढ़। जंक्शन स्थित नई धानमंडी के समर्थन मूल्य गेहूं खरीद केन्द्र पर तिलम संघ की खरीद एजेंसियों पर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। व्यापारी संजय बलाड़िया ने मुख्यमंत्री को शिकायत पत्र भेजकर पूरे मामले की सीबीआई जांच करवाने तथा संबंधित खरीद एजेंसियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की मांग की है।

Hanumangarh News

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि राजस्थान राज्य तिलहन उत्पादक सहकारी संघ (तिलम संघ) की ओर से गेहूं खरीद के लिए अधिकृत बींझबायला तिलहन उत्पादक सहकारी समिति और विनायक बहुउद्देशीय सहकारी समिति के माध्यम से खरीद कार्य में भारी धांधलियां की जा रही हैं।

शिकायतकर्ता संजय बलाड़िया के अनुसार खरीद केन्द्र प्रभारियों सुरेन्द्र कुमार, सतपाल बिश्नोई व अन्य कार्मिकों की ओर से किसानों की गिरदावरी का दुरुपयोग करते हुए एक ही किसान के नाम से बार-बार रजिस्ट्रेशन कर प्रति बीघा 20 से 50 क्विंटल तक गेहूं खरीदा जा रहा है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ चुनिंदा फर्मों को 3 से 4 रुपए प्रति बैग लेकर बारदाना उपलब्ध करवाया जा रहा है, जबकि अन्य व्यापारियों से भी सुविधा शुल्क वसूला जा रहा है। Hanumangarh News

आरोप है कि खरीद एजेंसी के लिए 1.40 रुपए प्रति बैग तथा कृषि उपज मंडी समिति के पदाधिकारियों के लिए 80 पैसे प्रति बैग सुविधा शुल्क के रूप में लिए जा रहे हैं। जो व्यापारी यह राशि नहीं देते, उन्हें बारदाना उपलब्ध नहीं कराया जाता और उनके किसानों का भुगतान भी 15 से 20 दिन तक लंबित रखा जाता है।

संजय बलाड़िया ने शिकायत में कहा है कि तिलम संघ की खरीद एजेंसियां हैंडलिंग व परिवहन एजेंट दौलतराम और जोगेन्द्र पाल के साथ मिलीभगत कर बारदाना वितरण और गेहूं उठाव में गड़बड़ियां कर रही हैं। कुछ फर्मों को वितरित बारदाने से अधिक गेहूं के थैले उठवाने के भी आरोप लगाए गए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि खरीद केन्द्र पर कुछ आढ़त फर्मांे के दबाव में अन्य व्यापारियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है तथा किसानों के भुगतान, बारदाना वितरण और गेहूं उठाव में पक्षपात बरता जा रहा है। इस अव्यवस्था से किसान, मजदूर और व्यापारी सभी परेशान हैं। व्यापारी संजय बलाड़िया ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि दोनों खरीद एजेंसियों को तत्काल निलंबित कर किसी अन्य एजेंसी को खरीद कार्य सौंपा जाए तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई से करवाई जाए। Hanumangarh News

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Sach Kahoon Hindi