Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
घरौंडा में विकास को लेकर मंथन, पार्षदों व अधिकारियों की 3 घंटे चली बैठक

घरौंडा में विकास को लेकर मंथन, पार्षदों व अधिकारियों की 3 घंटे चली बैठक

रौंडा। शहर के विकास और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मंगलवार को एक अहम बैठक का असर देखने को मिला। कल्याण फार्म हाउस में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण की मौजूदगी में हुई अनौपचारिक बैठक के बाद अब प्रशासन हरकत में आ गया है।

मंगलवार को नपा चेयरमैन हैप्पी गुप्ता और सभी पार्षदों ने स्पीकर से मुलाकात कर शहर की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की थी। इसके बाद बुधवार को विश्राम गृह में अधिकारियों और पार्षदों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें समस्याओं का बारीकी से अध्ययन किया गया।

मंगलवार की बैठक में साफ-सफाई, बिजली, पब्लिक हेल्थ, शहर का माहौल सुधारने और बड़े प्रोजेक्ट्स पर लंबी चर्चा हुई थी। इस दौरान पब्लिक हेल्थ विभाग के कार्यों में कई कमियां सामने आईं। जिस पर स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने विभाग के एसई विकास कुमार को निर्देश दिए थे कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की सभी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस योजना बनाई जाए और जल्द कार्रवाई हो।

स्पीकर के ओएसडी विष्णु दत्त की अध्यक्षता में विश्राम गृह में बैठक आयोजित हुई। इसमें स्पीकर के जनप्रतिनिधि संजय खैंची भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं विस्तार से रखीं और भविष्य के लिए सुझाव भी दिए। संजय खैंची ने भरोसा दिलाया कि सभी मुद्दों की रिपोर्ट तैयार कर स्पीकर हरविंद्र कल्याण को सौंपी जाएगी, ताकि विकास कार्यों को तेजी दी जा सके।

तीन घंटे चली बैठक, अधिकारियों ने दिया आश्वासन

अधिकारियों और पार्षदों के बीच करीब तीन घंटे तक बैठक चली। इस दौरान हर वार्ड की समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा हुई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी मुद्दों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। बैठक में पब्लिक हेल्थ और नगरपालिका के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

ये पार्षद रहे मौजूद

बैठक में चेयरमैन हैप्पी लक गुप्ता के साथ पार्षद जयभगवान, ओंकार शर्मा, अमन जोशी, कपिल राणा, ज्वाहर राणा, बलिंद्र सिंह, संजीव पाल, पंकज गुलाटी, बलवान सुलेख, अनुज गुप्ता, अमनदीप विर्क और जय नारायण पाल उपस्थित रहे।

विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
बैठक के बाद पार्षदों ने स्पीकर हरविंद्र कल्याण की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की बैठकें समय-समय पर होनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अब शहर में विकास कार्यों को गति मिलेगी और घरौंडा की सुंदरता भी निखरेगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Sach Kahoon Hindi