Death Threat: हनुमानगढ़। जंक्शन थाना क्षेत्र में एक दुकान और किरायाशुदा भूखंड को लेकर विवाद सामने आया है। जोड़कियां निवासी एवं वर्तमान में ड्रीम लैण्ड कॉलोनी, जंक्शन निवासी संतोष पूनिया पुत्री जगदीश पूनिया ने गुरुवार को जंक्शन थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर राजेश सिंगला, उत्कर्ष सिंगला, शालिनी सिंगला तथा एक अन्य नामजद नहीं किए गए व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
Hanumangarh News
प्रार्थना पत्र में संतोष पूनिया ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9 बजे जब वह अपने कार्यालय पहुंची तो किरायाशुदा भूखंड पर लगा उनका फ्लेक्स गायब मिला। जानकारी करने पर पता चला कि पूर्व में किराए पर ली गई दुकान पर उनका फ्लेक्स हटाकर उसी पर आरोपियों ने अपना नाम लिखकर लगा दिया है।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपी दुकान का ताला भी तोड़ रहे थे। महिला का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की तथा मारपीट पर उतारू हो गए। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। जान बचाने के लिए वह एक दुकान में घुस गई, जहां आरोपी भी पीछे-पीछे पहुंच गए।
आरोप है कि एक युवक ने शर्ट उठाकर पिस्तौल दिखाते हुए जान से मारने की धमकी दी, जबकि अन्य आरोपियों ने उसका गला दबाया और घसीटकर बाहर ले जाने का प्रयास किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि एक आरोपी ने धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसके चेहरे पर चोट आई। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने तथा उनके कब्जे से कथित अवैध पिस्तौल और धारदार हथियार जब्त करने की मांग की है। Hanumangarh News

