Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
कार की टक्कर से दिव्यांग ई-रिक्शा चालक की मौत, कोहराम

कार की टक्कर से दिव्यांग ई-रिक्शा चालक की मौत, कोहराम

कैराना। नेशनल हाईवे-709एडी पर गांव मन्नामाजरा के निकट स्थित फ्लाईओवर के निकट तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक दिव्यांग ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। दिव्यांग की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कस्बे के मोहल्ला बेगमपुरा कैराना निवासी असलम(45) पैर से दिव्यांग था। वह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। शुक्रवार को वह ई-रिक्शा से शामली जा रहा था। जैसे ही वह नेशनल हाइवे-709एड़ी पर गांव मन्नामाजरा के निकट स्थित फ्लाईओवर के पास पहुंचा, तभी फ्लाईओवर के नीचे से निकली तेज रफ्तार कार ने उसके ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। हादसे में घायल ई-रिक्शा चालक को राहगीरों की सहायता से संयुक्त जिला चिकित्सालय शामली में ले जाया गया। जहां पर गम्भीर हालत के चलते चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन घायल को शामली के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां डॉक्टरों ने असलम को मृत घोषित कर दिया।

इसके बाद, परिजन रात्रि के समय मृतक के शव को कैराना के सरकारी अस्पताल में ले आए और पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा मृतक के शव को पंचायतनामा भरने के पश्चात पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक असलम सात बेटियों व एक मासूम बेटे का पिता बताया गया है। हादसे में असलम की मौत से परिजनों पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्व उनके ई-रिक्शा की बैटरी को ऐप के माध्यम से बार-बार बंद कर देते थे, जिस कारण वह उसे ठीक कराने शामली जा रहे थे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Sach Kahoon Hindi