Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Karnataka: कर्नाटक में मोबाइल की रोशनी के सहारे चलाई बस, तीन कर्मचारी निलंबित

Karnataka: कर्नाटक में मोबाइल की रोशनी के सहारे चलाई बस, तीन कर्मचारी निलंबित

लबुर्गी (एजेंसी)। Kalaburagi News: कर्नाटक में एक सरकारी बस की हेडलाइट खराब हो जाने के बाद यात्रियों से भरी उस बस को कथित तौर पर मोबाइल फोन की रोशनी के सहारे रात भर चलाया गया। इस घटना के प्रकाश में आने के बाद सड़क परिवहन निगम ने चालक सहित तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है।

अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह चौंकाने वाली घटना गत शनिवार को कलबुर्गी-चिंचोली मार्ग पर हुई। इसका खुलासा तब हुआ जब चालक के केबिन के पास रखे मोबाइल फोन की रोशनी के सहारे बस चलाए जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया। इस घटना ने यात्रियों की सुरक्षा और वाहनों के रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार, चिंचोली डिपो की इस बस की हेडलाइट यात्रा के दौरान खराब हो गई। वाहन को रोकने या किसी वैकल्पिक व्यवस्था करने के बजाय, चालक ने कथित तौर पर मोबाइल फोन की टॉर्च से मिलने वाली सीमित रोशनी के सहारे ही बस को चलाना जारी रखा।

परिवहन निगम ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए, जिसमें रखरखाव में भारी कमियां पाई गईं और वाहन को सेवा में भेजने से पहले उसकी सड़क फिटनेस सुनिश्चित करने में लापरवाही सामने आई। जांच रिपोर्ट के आधार पर, परिवहन निगम ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में चालक आकाश, तकनीकी कर्मचारी शिवानंद और तकनीकी पर्यवेक्षक बसवराज को निलंबित कर दिया है। कलबुर्गी संभाग-प्रथम के विभागीय नियंत्रक एस. जी. गंगाधर ने कहा कि शिवानंद खराब बस की ठीक से मरम्मत करने में विफल रहे, बसवराज ने रखरखाव के काम की निगरानी नहीं की और चालक आकाश ने यह जानते हुए भी वाहन चलाया कि उसकी पर्याप्त मरम्मत नहीं हुई थी। इस घटना को सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन बताते हुए परिवहन निगम ने कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और किसी भी परिस्थिति में यात्रियों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Sach Kahoon Hindi