Dailyhunt
'कॉलेजों' के मेधावी विद्यार्थियों के खाते में आएँगे 5 हजार रुपये! जानें क्या है स्कीम?

'कॉलेजों' के मेधावी विद्यार्थियों के खाते में आएँगे 5 हजार रुपये! जानें क्या है स्कीम?

Haryana State Meritorious Incentive Scheme: सरसा (ब्यूरो)। उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा संचालित हरियाणा राज्य मेधावी प्रोत्साहन योजना का उद्देश्य सरकारी कॉलेजों में अध्ययनरत मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है।

इस योजना के तहत कला, वाणिज्य तथा विज्ञान (मेडिकल एवं नॉन-मेडिकल) संकायों में वार्षिक विश्वविद्यालय परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि दी जाती है। Haryana School News

योजना के अंतर्गत अपनी स्ट्रीम में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 5 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को 3 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को 2 हजार रुपये प्रति वर्ष प्रदान किए जाते हैं। यह राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खाते में डीबीटी माध्यम से भेजी जाती है। यह प्रोत्साहन केवल उसी शैक्षणिक वर्ष के लिए मान्य होता है, जिसमें विद्यार्थी ने स्थान प्राप्त किया हो। योजना का लाभ केवल सरकारी कॉलेजों में सामान्य पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को मिलेगा। गैर-सरकारी कॉलेजों, पत्राचार पाठ्यक्रमों तथा मुक्त विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को इस योजना का लाभ नहीं दिया जाएगा।

प्रत्येक कॉलेज में प्रत्येक स्ट्रीम के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले तीन मेधावी विद्यार्थियों को चयनित किया जाएगा। उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा के अनुसार लड़कों (सामान्य वर्ग), लड़कियों (सामान्य वर्ग) तथा अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग मेरिट सूची तैयार की जाएगी। योजना के लिए आवेदन करने हेतु विद्यार्थियों को उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा के केंद्रीकृत छात्रवृत्ति पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण के लिए परिवार पहचान पत्र अनिवार्य है।

आवेदन के दौरान विद्यार्थियों को आधार कार्ड, फोटो, हस्ताक्षर, आय प्रमाण पत्र, हरियाणा निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, 10वीं व 12वीं की मार्कशीट, शुल्क रसीद, परिवार पहचान पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी डॉ. सज्जन कुमार ने बताया कि यह योजना प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। Haryana School News

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Sach Kahoon Hindi