Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Ludhiana Factory Toxic Gas Leak: लुधियाना की फैक्ट्री में जहरीली गैस रिसाव, पिता-पुत्र सहित तीन मजदूरों की मौत

Ludhiana Factory Toxic Gas Leak: लुधियाना की फैक्ट्री में जहरीली गैस रिसाव, पिता-पुत्र सहित तीन मजदूरों की मौत

लुधियाना (सच कहूँ/सुरेंद्र शर्मा)। Ludhiana Factory Toxic Gas Leak: लुधियाना स्थित इंडस्ट्रियल एरिया-ए के गैसपुरा क्षेत्र में सोमवार तड़के एक टूल निर्माण फैक्ट्री में जहरीली गैस का रिसाव होने से पिता-पुत्र समेत तीन मजदूरों की मौत हो गई और कुछ अन्य मजदूर बेहोश हो गए।

सूत्रों के अनुसार, दीप टूल्स नामक हैंड टूल निर्माण इकाई में देर रात उत्पादन कार्य सामान्य रुप से चल रहा था। इसी दौरान अचानक किसी पाइपलाइन या सिलेंडर से जहरीली गैस का रिसाव शुरु हो गया।

देखते ही देखते गैस पूरे परिसर में फैल गई, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गैस का असर इतना तेज था कि मजदूरों को बाहर निकलने का अवसर तक नहीं मिला। दम घुटने और आंखों में तेज जलन के कारण कई कर्मचारी फैक्ट्री के भीतर ही बेहोश होकर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही फैक्ट्री प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने बचाव कार्य शुरु किया तथा प्रभावित मजदूरों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। मृतकों में दो मजदूरों के नाम मनोज और उनका पुत्र अमित हैं। तीसरे मृतक की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय पिता-पुत्र मशीन के निचले हिस्से से निकली सामग्री को ट्रॉली में भर रहे थे, तभी वे सीधे जहरीली गैस की चपेट में आ गए। गैस की चपेट में आने से फैक्ट्री में काम कर रहे सात-आठ मजदूर बेहोश हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन प्रभावितों की सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।

जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी

लुधियाना के पुलिस आयुक्त स्वपन शर्मा ने बताया कि मामले में थाना मोती नगर में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरु कर दी गई है। उन्होंने कहा कि रिसी गैस के प्रकार की जांच की जा रही है। मोती नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों के पालन और गैस रिसाव के वास्तविक कारणों की जांच शुरु कर दी गयी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। प्रशासन ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

राजा वड़िंग ने हादसे पर जताया दुख

कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने गैस रिसाव की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। वड़िंग ने कहा कि यह बेहद दुखद और हृदय विदारक घटना है, जिसने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसी त्रासदियां न केवल प्रभावित परिवारों बल्कि पूरे समाज को झकझोर देती हैं। कांग्रेस नेता ने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।

उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और उनके परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें। राजा वड़िंग ने अस्पतालों में उपचाराधीन मजदूरों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि सभी घायल जल्द से जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवारों के बीच लौटें। उन्होंने प्रशासन से हादसे के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की भी अपील की।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Sach Kahoon Hindi