लखनऊ, (समर सलिल)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से उत्तर प्रदेश सरकार के दस वर्षों के कार्यकाल को लेकर कई मुद्दों पर जवाब मांगा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता रोजगार, पेपर लीक, किसानों, महिलाओं, दलितों और भ्रष्टाचार जैसे विषयों पर सरकार से जवाब चाहती है।
वैश्विक शांति के लिए एकजुट हुए आध्यात्मिक नेता, युद्ध रोकने और संवाद बढ़ाने का दिया संदेश
अंशू अवस्थी ने कहा कि प्रदेश के युवा पूछ रहे हैं कि पिछले दस वर्षों में भर्ती परीक्षाओं के पेपर बार-बार क्यों लीक हुए और रोजगार के पर्याप्त अवसर क्यों नहीं मिले। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि किसानों की कर्जमाफी और रोजगार संबंधी वादे पूरे क्यों नहीं हुए तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं लगाया जा सका।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में दलितों और महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामलों में सरकार का रवैया संतोषजनक नहीं रहा। उन्होंने कहा कि इन वर्गों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदेश में ब्राह्मण समाज के लोगों की हत्याओं की घटनाएं बढ़ी हैं और इस विषय पर भी सरकार को जवाब देना चाहिए।
राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले का उल्लेख करते हुए अंशू अवस्थी ने आरोप लगाया कि इस प्रकरण में जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने संबंधित आरोपों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
