लखनऊ, (समर सलिल)। उत्तर प्रदेश पुलिस ने मेटा (Meta) के सुसाइडल अलर्ट सिस्टम की मदद से अंबेडकरनगर और उन्नाव में आत्महत्या का प्रयास कर रहे दो युवकों की समय रहते जान बचाकर एक बार फिर अपनी त्वरित कार्रवाई का उदाहरण पेश किया है।
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय के सोशल मीडिया सेंटर ने मेटा से प्राप्त अलर्ट का तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित जनपदों को सूचित किया। इसके बाद स्थानीय पुलिस टीमों ने क्रमशः 8 मिनट और 12 मिनट में मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों को सुरक्षित बचा लिया।
अंबेडकरनगर में ब्रेकअप के बाद अवसाद में युवक ने उठाया आत्मघाती कदम
30 जुलाई 2026 को अंबेडकरनगर के अकबरपुर थाना क्षेत्र के 22 वर्षीय युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद अवसाद में आकर गले में तार लपेटते हुए "अब कुछ नहीं कर सकता हूँ, गुड बाय" लिखकर इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट किया। शाम 4:55 बजे मेटा द्वारा भेजे गए अलर्ट के आधार पर पुलिस मुख्यालय ने तत्काल कार्रवाई की।सूचना मिलते ही अकबरपुर थाने के उपनिरीक्षक आलोक शुक्ला और आरक्षी विभांशु विक्रम सिंह मात्र 8 मिनट में युवक के घर पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों की मदद से युवक के गले से तार हटाया और प्राथमिक उपचार देकर उसकी जान बचाई। पूछताछ में युवक ने बताया कि प्रेम संबंध टूटने के कारण वह मानसिक तनाव में था और इसी वजह से उसके मन में आत्मघाती विचार आए।
उन्नाव में रुपये के विवाद से परेशान युवक को पुलिस ने बचाया
31 जुलाई 2026 को उन्नाव के आसीवन थाना क्षेत्र के एक युवक ने अपने भाई से रुपयों के विवाद के कारण अवसाद में आकर आत्महत्या संबंधी वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। रात 12:19 बजे मेटा से प्राप्त अलर्ट के बाद पुलिस हरकत में आई। उपनिरीक्षक हीरालाल, आरक्षी जितेश कुमार और आरक्षी विजय प्रताप यादव मात्र 12 मिनट में युवक के घर पहुंच गए। वहां युवक के पास रस्सी और कीटनाशक की बोतल मिली। पुलिस ने तत्काल दोनों वस्तुएं हटाकर युवक को समझाया और काउंसलिंग की।
युवक ने बताया कि वह बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर काम करता है। मोबाइल की किस्त जमा करने के लिए उसने घर से बिना बताए रुपये ले लिए थे, जिस पर भाई ने उसे डांटा और मारा। इससे वह गहरे मानसिक तनाव में चला गया था और आत्मघाती कदम उठाने का विचार कर बैठा था।
वर्ष 2023 से अब तक 3455 लोगों की बचाई जा चुकी है जान
दोनों मामलों में पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर युवकों को आत्महत्या करने से रोका तथा उनकी काउंसलिंग कराई। दोनों ने भविष्य में ऐसा कदम न उठाने का आश्वासन दिया, जबकि परिजनों ने उत्तर प्रदेश पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
श्रावण में शिवमय हो उठती नाथ नगरी बरेली, आस्था, साधना और सनातन संस्कृति का दिव्य संगम
उत्तर प्रदेश पुलिस और Meta के बीच वर्ष 2022 से लागू व्यवस्था के तहत यदि कोई व्यक्ति फेसबुक या इंस्टाग्राम पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट करता है, तो मेटा ई-मेल और फोन के माध्यम से पुलिस मुख्यालय को तत्काल अलर्ट भेजता है। इसी व्यवस्था के तहत 1 जनवरी 2023 से 20 जुलाई 2026 के बीच प्राप्त अलर्ट पर कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस अब तक 3455 लोगों के प्राण बचा चुकी है। गौरतलब है कि इस अभिनव पहल के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को SKOCH Award-2025 और The Economic Times GovTech Awards-2026 से भी सम्मानित किया जा चुका है।

