लखनऊ,(समर सलिल)। लखनऊ के सिटी मोन्टेसरी स्कूल (CMS) ने एक बार फिर बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर शहर का नाम पूरे देश में रोशन किया है। आईएससी बोर्ड परीक्षा में चार छात्रों ओशीन अग्रवाल, संस्कृति चंदेल, जैनब फातिमा और छवि मिश्रा ने 99.75 प्रतिशत अंक अर्जित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया।
वहीं, आईसीएसई बोर्ड परीक्षा में वैवस्वत नारायण दुबे ने 99.80 प्रतिशत अंक हासिल कर सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा, जहरा फातिमा और अनय अग्रवाल ने 99.60 प्रतिशत तथा अफशान अहमद, दिव्यांश कुशवाहा और फरहीन खान ने 99.40 प्रतिशत अंक अर्जित किए।
खास बात यह रही कि इस वर्ष कुल 62 छात्रों ने 99 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए, जिनमें 42 छात्र आईएससी और 20 छात्र आईसीएसई के शामिल हैं। इस वर्ष CMS से कुल 7030 छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया, जिनमें से 3709 छात्रों (52.8 प्रतिशत) ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 1441 छात्रों (20.5 प्रतिशत) ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए। इसके अलावा, 1013 छात्रों ने एक या अधिक विषयों में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की।
CMS की संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गाँधी ने छात्रों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे छात्रों की मेहनत, शिक्षकों की प्रतिबद्धता और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम बताया। वहीं, प्रबंधक प्रो. गीता गाँधी किंगडन ने कहा कि विद्यालय में रटने के बजाय समझ आधारित शिक्षा पर जोर दिया जाता है, जिसका परिणाम इन उत्कृष्ट अंकों के रूप में सामने आया है।
सम्मान समारोह और विक्ट्री मार्च
CMS के हेड कम्युनिकेशन्स ऋषि खन्ना के अनुसार, 2 मई को प्रातः 9 बजे गोमती नगर एक्सटेंशन कैंपस ऑडिटोरियम में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें 3709 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर 19 टॉपर्स को एक-एक लाख रुपये तथा 43 अन्य छात्रों को 21,000 रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। कुल 62 छात्रों को 28 लाख रुपये की धनराशि से सम्मानित किया जाएगा। टॉपर छात्र 2 मई को सुबह 7:45 बजे मकदूमपुर पुलिस स्टेशन से CMS गोमती नगर एक्सटेंशन कैंपस तक 'विक्ट्री मार्च' भी निकालेंगे। CMS के इस शानदार प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि लखनऊ अब देश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।

