Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
मेटा के सुसाइड अलर्ट से 5 मिनट में पहुंची महराजगंज पुलिस, युवक की बचाई जान

मेटा के सुसाइड अलर्ट से 5 मिनट में पहुंची महराजगंज पुलिस, युवक की बचाई जान

खनऊ/महराजगंज, (समर सलिल)। मेटा (Meta) के सुसाइड अलर्ट सिस्टम और उत्तर प्रदेश पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर एक युवक की जान बचा ली। महराजगंज जिले के थाना सिंदुरिया क्षेत्र में आत्महत्या का प्रयास कर रहे 29 वर्षीय युवक तक पुलिस महज पांच मिनट में पहुंच गई और समय रहते उसे सुरक्षित बचा लिया।

गाजियाबाद में ट्रैफिक व्यवस्था पर यू-टर्न, अधिकारियों की नाराजगी के बाद हटाए गए बैरियर

पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को थाना सिंदुरिया क्षेत्र निवासी युवक ने UP TET-2026 की परीक्षा खराब होने से मानसिक तनाव और अवसाद में आकर इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो में उसने लिखा था, "आज मैं अपने शरीर को हमेशा के लिए फंदे में लटकाकर आज़ाद कर दूँगा।"

शाम 6:50 बजे मेटा की ओर से यह पोस्ट उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल के माध्यम से सुसाइड अलर्ट के रूप में प्राप्त हुई। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर सोशल मीडिया सेंटर ने तत्काल उपलब्ध मोबाइल नंबर के आधार पर युवक की लोकेशन ट्रेस कर महराजगंज पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना सिंदुरिया के थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल मनीष, कांस्टेबल सौरभ दूबे एवं कांस्टेबल रामजनम मात्र पांच मिनट में युवक के घर पहुंच गए। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी और युवक के कमरे में पहुंची, जहां वह छत के पंखे से बने फंदे में गला डालने का प्रयास कर रहा था।

पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसके गले से फंदा हटाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला और आत्महत्या करने से रोक दिया। इसके बाद उसकी काउंसलिंग की गई। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने बीएससी की पढ़ाई की है और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा है। UP TET-2026 की परीक्षा उम्मीद के अनुरूप न होने से वह गहरे मानसिक तनाव और अवसाद में चला गया था, जिसके कारण उसने आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया।

काउंसलिंग के बाद युवक ने भविष्य में ऐसा कदम नहीं उठाने का आश्वासन दिया। उसके परिजनों ने उत्तर प्रदेश पुलिस की तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता और समय पर की गई कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।

3295 लोगों की बचाई जा चुकी है जान

उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा के बीच वर्ष 2022 से संचालित व्यवस्था के तहत फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से संबंधित पोस्ट की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराई जाती है। पुलिस मुख्यालय के अनुसार 1 जनवरी 2023 से 30 जून 2026 के बीच ऐसे अलर्ट पर कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस 3295 लोगों की जान बचा चुकी है। उत्तर प्रदेश पुलिस की इस अभिनव पहल को SKOCH Award-2025 तथा The Economic Times GovTech Awards-2026 से भी सम्मानित किया जा चुका है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Samar Saleel