मुंबई/लखनऊ, (समर सलिल)। नेहरू सेंटर में आयोजित 'कला कनेक्ट' तीन दिवसीय कला प्रदर्शनी 1 से 3 मई तक चलेगी। इस भव्य आयोजन में देश-विदेश के 100 से अधिक कलाकार हिस्सा ले रहे हैं और 2000 से अधिक अनूठी कलाकृतियां प्रदर्शित की जा रही हैं।
प्रदर्शनी में आर्ट गैलरी, आरती स्टूडियो, ब्रिन्दल देसाई स्टूडियो, एस्पेक्ट आर्ट गैलरी और अकल्पन आर्ट गैलरी सहित कई प्रतिष्ठित कला दीर्घाओं के साथ प्रमुख कला संग्राहकों और संस्थानों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।
गोरखपुर में पानी की टंकी पर फंसे दो बच्चों का वायुसेना ने किया सफल रेस्क्यू
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्राप्त कलाकार जैसे क्रेज़ेंटा और हुसैन अल नोवामी (दुबई और बहरीन) भी अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे प्रदर्शनी को वैश्विक आयाम मिला है। इस प्रदर्शनी में सलमान जैदी, जॉयदेव दुलाई, अभिजीत बिस्वास, सुजाता डे, ब्रिन्दल देसाई, रीना जैन, महिमा अग्रवाल, डॉ. नीलम जैन, अंशुमन सत्यपति, नंदा दास (अमेरिका) और परशुराम नाइक जैसे कलाकारों की कृतियां आकर्षण का केंद्र हैं।
वहीं, मूर्तिकला खंड में सुमंतिलाल बागडे और श्वेता जैन जैसे प्रसिद्ध मूर्तिकारों की रचनाएं भी प्रदर्शित की जा रही हैं। खास बात यह है कि प्रदर्शनी में अजंता शैली से प्रेरित एक विशेष कला श्रृंखला भी प्रस्तुत की गई है, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक कला को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करती है।
इस अवसर पर आदि ईरानी, भूषण पटियाल, शिव रंदानी, ओनिमा कश्यप, मनीषा शर्मा और लेफ्टिनेंट कर्नल मोनिश आहूजा जैसे विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। 'कला कनेक्ट' का उद्देश्य कलाकारों, कला दीर्घाओं और कला प्रेमियों को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहां वे रचनात्मकता, सहयोग और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति का उत्सव मना सकें। यह प्रदर्शनी न केवल उभरते और स्थापित कलाकारों को मंच देती है, बल्कि कला के प्रति लोगों की रुचि को भी बढ़ावा देती है और भारत की सांस्कृतिक विविधता को सशक्त रूप से प्रस्तुत करती है।

