जयपुर,(समर सलिल)। फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल, जयपुर एवं खंडेलवाल वैश्य समाज, मानसरोवर (विस्तार), जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं, उनके शुरुआती लक्षणों, बचाव के उपायों और आधुनिक उपचार विकल्पों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल, जयपुर के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। डॉ. दिलीप मेहता, एडिशनल डायरेक्टर-ऑर्थोपेडिक्स एवं जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन, ने हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं, उनके उपचार तथा आधुनिक जॉइंट प्रिजर्वेटिव एवं रिप्लेसमेंट सर्जरी की तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. दिवेश गोयल, सीनियर कंसल्टेंट-मेडिकल ऑन्कोलॉजी, ने कैंसर के बढ़ते मामलों, संभावित जोखिम कारकों, शुरुआती लक्षणों तथा समय पर जांच और उपचार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने से कैंसर की समय पर पहचान और उपचार में मदद मिल सकती है।
वहीं, डॉ. मधुसुदन पाटोदिया, सीनियर कंसल्टेंट-यूरोलॉजी, ने पुरुषों और महिलाओं में होने वाली विभिन्न यूरोलॉजिकल समस्याओं, उनके लक्षणों तथा आधुनिक उपचार विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करने और समय रहते विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न विषयों पर संवाद किया और अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। इस दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच, बीमारी की शुरुआती स्तर पर पहचान और समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के आयोजन में खंडेलवाल वैश्य समाज, मानसरोवर (विस्तार), जयपुर की ओर से अध्यक्ष अमित गुप्ता, महासचिव सीए सोमेश खंडेलवाल एवं कोषाध्यक्ष अमोल झालानी ने विशेषज्ञ चिकित्सकों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल की ओर से कहा गया कि समुदाय के बीच स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और लोगों को सही समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं से जोड़ना अस्पताल की निरंतर प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग बनाने के साथ-साथ बीमारियों की समय पर पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

