वाराणसी (समर सलिल)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी दौरे के दौरान विकास कार्यों एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक के बाद काशी कोतवाल काल भैरव और काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के दरबार में पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा प्रदेश एवं जनकल्याण की कामना की।
सबसे पहले मुख्यमंत्री काल भैरव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने आरती में सहभागिता करते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की और बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं का उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया तथा बच्चों को स्नेह भी दिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। गर्भगृह में उन्होंने षोडशोपचार विधि से बाबा विश्वनाथ का पूजन किया और लोकमंगल, प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं शांति की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री के दर्शन के दौरान मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठा।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' के पुत्र के विवाह समारोह में भी सहभागिता की। उन्होंने नवविवाहित दंपति एवं दोनों परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद एवं सफल दांपत्य जीवन की मंगलकामना की।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने चौकाघाट स्थित विद्युत सब स्टेशन का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेने के बाद उन्होंने सभी निर्माण एवं विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, स्टाम्प एवं पंजीयन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य राय धर्मेंद्र सिंह, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, त्रिभुवन राम, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

