Dailyhunt
Bengal Violence : बंगाल में अनेक स्थानों पर हिंसा !

Bengal Violence : बंगाल में अनेक स्थानों पर हिंसा !

  • भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या
  • तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय पर बुलडोजर चलाया गया

  • संदेशखाली में केंद्रीय बलों पर गोलीबारी


कोलकाता (बंगाल) - बंगाल में मतदान के समय हिंसा नहीं हुई; परंतु चुनाव परिणाम घोषित होने के उपरांत राज्य में कई स्थानों पर हिंसा आरंभ हो गई है ।

कोलकाता के प्रसिद्ध हॉग मार्केट क्षेत्र में ५ मई की रात लोगों की भीड ने बुलडोजर चलाकर तृणमूल कांग्रेस का कार्यालय गिरा दिया । स्थानीय लोगों का दावा है कि यह कार्यालय अवैध रूप से अधिग्रहित की गई भूमि पर बनाया गया था ।

एक अन्य घटना में न्यू टाउन में भाजपा कार्यकर्ता मधु मंडल को तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों ने पीटा, जिसमें उनकी मृत्यु हो गई । कई स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों पर भी आक्रमण किए गए । हावडा में भी भाजपा के एक कार्यकर्ता की मृत्यु के समाचार है । उसकी पत्नी ने तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों पर आरोप लगाए हैं । इस घटना के उपरांत क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ।

स्थानीय निवासियों के अनुसार यह कार्यालय एक दुकानदार से बलपूर्वक छीनी गई भूमि पर बनाया गया था । लंबे समय से लोग इससे अप्रसन्न थे । चुनाव परिणाम के उपरांत उत्साहित भीड ने बुलडोजर बुलाकर इस निर्माण को हटा दिया । मौके पर उपस्थित लोग इसे "जनता का न्याय" बता रहे हैं । तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने इस कार्रवाई को अनुचित बताया है । अचानक हुई इस कार्रवाई से हॉग मार्केट क्षेत्र में भगदड जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई ।

संदेशखाली में सुरक्षाबलों पर प्राणघातक आक्रमण !

उत्तर २४ परगना जिले के संदेशखाली में स्थिति अत्यंत गंभीर है । ५ मई की देर रात बामन घेरी क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय बलों की टीम पर अज्ञात लोगों ने अंधाधुंध गोलीबारी की । इसमें नजत पुलिस थाने के प्रभारी भरत पुरकैत, एक महिला अधिकारी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के २ जवान सहित कुल ५ लोग घायल हुए हैं । सभी घायलों को कोलकाता के चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है ।

भाजपा को वोट देने पर परिवार पर आक्रमण

उत्तर २४ परगना जिले के आमडंगा विधानसभा क्षेत्र के बाराडीह इलाके में एक परिवार पर जानलेवा आक्रमण किया गया । पीडित मदन मोरोल का आरोप है कि उन्होंने चुनाव में भाजपा को वोट दिया था, इसी कारण तृणमूल कांग्रेस के ४०-५० गुंडों ने देर रात उनके घर पर आक्रमण किया । घर में तोडफोड की गई तथा परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई । सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं केंद्रीय बल घटनास्थल पर पहुंचे । इस घटना से क्षेत्र में भारी आक्रोश है ।

धमकी देने वाले तृणमूल नेता जहांगीर के कार्यालय में तोडफोड एवं आगजनी

दक्षिण २४ परगना जिले के फलता में २१ मई को पुनर्मतदान होना है । उससे पहले तृणमूल कांग्रेस के नेता जहांगीर खान के कार्यालय पर भीड ने आक्रमण कर तोडफोड और आगजनी की । वहां लगे तृणमूल के झंडे हटाकर भाजपा के झंडे लगाए गए तथा नारेबाजी की गई ।

ग्रामवासियों का आरोप है कि जहांगीर खान ने गांव में आकर उन्हें जान से मारने एवं महिलाओं के साथ दुष्कर्म की धमकी दी थी, जिससे इलाके में भय का वातावरण बना हुआ था ।

प्रशासन ने रिपोर्ट मांगी

राज्य के विभिन्न भागों में हुई तोडफोड तथा आगजनी की घटनाओं को चुनाव आयोग ने गंभीरता से लिया है । आयोग ने पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है । पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों को छोडेंगे नहीं ।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Sanatan Prabhat Hindi