- २१ से १०१ रुपये में 'ऑनलाइन अभिषेक' का प्रलोभन ।
- ट्रस्ट द्वारा पुलिस में शिकायत ।
नासिक - त्र्यंबकेश्वर देवस्थान ट्रस्ट के नाम का दुरुपयोग कर झूठी मोबाइल ऐप तथा संकेतस्थलों के माध्यम से ऑनलाइन अभिषेक के नाम पर श्रद्धालुओं के साथ धोखाधडी की जा रही है ।
मात्र २१, ५१ तथा १०१ रुपये में अभिषेक, छायाचित्र एवं वीडियो उपलब्ध कराने का प्रलोभन देकर कुछ अनाधिकृत संकेतस्थल श्रद्धालुओं से धन ले रहे हैं । इस प्रकरण में देवस्थान ट्रस्ट ने साइबर पुलिस के पास शिकायत दर्ज कर कठोर कार्यवाही की मांग की है ।
१. अधिकृत व्यवस्था के अनुसार त्र्यंबकेश्वर देवस्थान ट्रस्ट के संकेतस्थल पर २ सहस्र १०० रुपये शुल्क जमा कर ऑनलाइन पूजा का पंजीकरण कराया जा सकता है । श्रद्धालुओं द्वारा नाम एवं गोत्र लिखाने के उपरांत अधिकृत पुरोहितों द्वारा पूजा की जाती है । उस पूजा के छायाचित्र एवं वीडियो श्रद्धालुओं को भेजे जाते हैं । इस शुल्क का ६० प्रतिशत भाग पुरोहितों को तथा ४० प्रतिशत भाग देवस्थान ट्रस्ट को प्राप्त होता है ।
२. कुछ फर्जी ऐप तथा संकेतस्थलों ने ट्रस्ट, मन्दिर के छायाचित्रों तथा धार्मिक जानकारी का अनाधिकृत उपयोग कर श्रद्धालुओं को आकर्षित किया । 'श्रावण सोमवार जलाभिषेक', 'गोदावरी जलाभिषेक', 'बिल्वपत्र अभिषेक' तथा 'विशेष अभिषेक' जैसी विभिन्न सेवाओं के नाम पर ऑनलाइन पंजीकरण किया जा रहा है । इसके लिए अत्यंत कम शुल्क लिया जा रहा है ।
३. देवस्थान ट्रस्ट इस प्रकार की पूजा नहीं कराता । इसलिए श्रद्धालुओं के साथ धोखाधडी होने की घटना सामने आई है ।
४. ट्रस्ट ने पुलिस में शिकायत प्रविष्ट कर फर्जी ऐप, संकेतस्थलों तथा सामाजिक माध्यमों के माध्यम से प्रसारित भ्रामक विज्ञापनों पर तत्काल कार्यवाही की मांग की है । साथ ही यह भी अपील की है कि 'श्रद्धालु केवल देवस्थान ट्रस्ट के अधिकृत संकेतस्थल के माध्यम से ही ऑनलाइन पूजा का पंजीकरण कराएं ।'
त्र्यंबकेश्वर देवस्थान ट्रस्ट के प्रशासनिक अधिकारी अमित माचवे ने कहा, ''इस प्रकरण में साइबर अपराध शाखा की सहायता से कठोर कार्यवाही होना आवश्यक है ।''

