Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
CJI की टिप्पणी के विरोध में 'कॉकरोच जनता पार्टी' लॉन्च; महुआ मोइत्रा, कीर्ति आज़ाद हुए शामिल!

CJI की टिप्पणी के विरोध में 'कॉकरोच जनता पार्टी' लॉन्च; महुआ मोइत्रा, कीर्ति आज़ाद हुए शामिल!

CJI सूर्य कांत ने कॉकरोच और परजीवी वाली टिप्पणी की और 'कॉकरोच जनता पार्टी' के नाम से पार्टी ही खड़ी हो गई! हालाँकि, यह पहली नज़र में व्यंग्यात्मक लगती है। लेकिन इसको ज्वाइन करने वालों की तादाद बेहद तेज़ी से बढ़ती जा रही है।
टीएमसी नेता महुआ मोइत्रा और कीर्ति आज़ाद जैसे नेता भी इसमें शामिल हो गए। 'कॉकरोच जनता पार्टी' के नाम से एक्स, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया अकाउंट तो बने ही हैं, इस नाम से एक वेबसाइट भी बन गई है। इसपर लिखा है, 'वॉइस ऑफ़ द लेज़ी एंड अनएंप्लॉयड'। इसका हिंदी तर्जुमा होगा- आलसियों और बेरोजगारों की आवाज़।

यह सोशल मीडिया और इंटरनेट पर एक अदालती सुनवाई में दी गई विवादित टिप्पणी के बाद एक व्यंग्य के रूप में आवाज़ उठी है। एक्स यूज़र अभिजीत दिपके खुद को 'कॉकरोच जनता पार्टी' के फाउंडिंग प्रेजिडेंट बताते हैं।

क्या कहा था CJI ने?

पिछले हफ्ते अदालत में सुनवाई के दौरान सीजेआई सूर्य कांत ने कहा था, 'देश में कुछ युवा कॉकरोच जैसे हैं। उन्हें नौकरी नहीं मिलती, कोई प्रोफेशन में जगह नहीं मिलती। इसलिए कुछ मीडिया में चले जाते हैं, कुछ सोशल मीडिया पर एक्टिविस्ट बन जाते हैं, आरटीआई एक्टिविस्ट बन जाते हैं और सब पर हमला करते रहते हैं।' इस टिप्पणी पर सोशल मीडिया पर भारी आलोचना हुई। लोगों ने सीजेआई के शब्दों को युवाओं का अपमान बताया।इस विवाद के बाद सीजेआई ने अपने बयान पर सफ़ाई देते हुए कहा है कि उनके कथन को ग़लत तरीके से पेश किया गया। उनके अनुसार उन्होंने 'कॉकरोच' और 'परजीवी' जैसे शब्द आम और बेरोज़गार युवाओं के लिए नहीं, बल्कि 'फ़र्ज़ी डिग्रीधारियों' के लिए कहे थे।

'कॉकरोच जनता पार्टी' क्या है?

सीजेआई की टिप्पणी के जवाब में एक्स पर अकाउंट 'कॉकरोच जनता पार्टी' यानी CJP शुरू किया गया। वैसे तो यह पहली नज़र में मजाकिया और व्यंग्यात्मक अकाउंट नज़र आता है, लेकिन कुछ लोगों का मानना है कि यह युवाओं की आवाज़ बनता जा रहा है। बाद में यह इंस्टाग्राम पर भी अकाउंट शुरू किया गया और फिर वेबसाइट भी बन गई। इस अकाउंट ने दावा किया है कि शुरू होने के 24 घंटे में ही 40 हज़ार लोग इससे जुड़ गए। यह पेज बहुत तेजी से लोकप्रिय हुआ। शुरू होने से अब तक क़रीब 20,000 से ज्यादा फॉलोअर्स मिल गए। बाद में इसने दावा किया कि 40000 लोग इसके सदस्य बन चुके हैं। CJP अपनी वेबसाइट पर खुद को 'बेरोजगार और आलसी लोगों की आवाज' बताता है। इसका नारा है - 'सिस्टम जिन्हें भूल गया, उनके लिए पार्टी। पांच मांगें। जीरो स्पॉन्सर। एक बड़ा और जिद्दी झुंड।' पार्टी ने साफ कहा है कि वह भारत के संविधान में विश्वास रखती है और इसके मूल्यों की रक्षा करेगी।

सदस्य बनने के लिए क्या शर्तें?

CJP ने सदस्यता के लिए मजेदार और आसान शर्तें बताई हैं-
  • बेरोजगार होना (चाहे मजबूरी से, पसंद से या सिद्धांत से)
  • आलसी होना (शारीरिक रूप से, दिमाग तो घूमता रहे)
  • रोज कम से कम 11 घंटे ऑनलाइन रहना
  • अच्छे से रैंट (प्रोटेस्ट) करना आना चाहिए
  • धर्म, जाति या लिंग कुछ भी नहीं देखा जाता।

पार्टी मैनिफेस्टो

  • अगर CJP सत्ता में आती है तो किसी भी चीफ़ जस्टिस को रिटायरमेंट के बाद इनाम के तौर पर राज्यसभा की सीट नहीं दी जाएगी।
  • अगर कोई भी सही वोट हटा दिया जाता है, चाहे वह CJP शासित राज्य में हो या विपक्ष शासित राज्य में तो CEC को UAPA के तहत गिरफ़्तार किया जाएगा, क्योंकि नागरिकों के वोट देने के अधिकार छीनना आतंकवाद से कम नहीं है।
  • महिलाओं को 33% नहीं, बल्कि 50% आरक्षण मिलेगा, और इसके लिए संसद की सदस्य संख्या बढ़ाने की ज़रूरत नहीं होगी। इसके अलावा, कैबिनेट के सभी पदों में से 50% पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे।
  • अंबानी और अडानी के मालिकाना हक वाले सभी मीडिया हाउस के लाइसेंस रद्द कर दिए जाएँगे, ताकि सचमुच आज़ाद मीडिया के लिए जगह बन सके। 'गोदी मीडिया' के एंकरों के बैंक खातों की जाँच की जाएगी।
  • कोई भी विधायक या सांसद जो एक पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी में जाता है, उसे 20 साल तक चुनाव लड़ने से- और कोई भी सरकारी पद संभालने से- रोक दिया जाएगा।

टीएमसी नेताओं ने कैसे जॉइन किया?

रविवार को टीएमसी नेता कीर्ति आजाद ने एक्स पर लिखा, 'मैं कॉकरोच जनता पार्टी में शामिल होना चाहता हूं। क्या योग्यता चाहिए?' CJP ने जवाब दिया, 'कीर्ति आजाद का स्वागत है! 1983 विश्व कप जीतना काफी योग्यता है।' महुआ मोइत्रा ने भी लिखा, 'मैं भी CJP में शामिल होना चाहती हूं (Anti National Party की सदस्यता के अलावा)।' CJP ने उन्हें भी स्वागत करते हुए कहा, "आप वह लड़ाकू हैं जिसकी लोकतंत्र को जरूरत है, महुआ मोइत्रा। CJP में स्वागत!'

क्या कह रहे हैं लोग?

यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है। कुछ लोग CJI की मूल टिप्पणी को सही मानते हैं तो कुछ इसे युवाओं का अपमान बताते हैं। वहीं 'कॉकरोच जनता पार्टी' जैसे व्यंग्यात्मक अकाउंट ने लोगों के कई बड़े मुद्दों पर ध्यान दिलाया है।
Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Satya Hindi