Dailyhunt
एपस्टीन फाइल्स पर सही से बचा नहीं सकीं तो ट्रंप ने एटॉर्नी जनरल बॉन्डी को हटा दिया?

एपस्टीन फाइल्स पर सही से बचा नहीं सकीं तो ट्रंप ने एटॉर्नी जनरल बॉन्डी को हटा दिया?

मेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी को उनके पद से क्यों हटा दिया? रिपोर्ट है कि ट्रंप एपस्टीन फाइल्स को सार्वजनिक करने के तरीके से नाराज़ थे और बॉन्डी अपने राजनीतिक विरोधियों के ख़िलाफ़ सख्त कार्रवाई नहीं करवा पाईं।
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप कई महीनों से बॉन्डी से निराश थे। खासतौर पर जेफ्री एपस्टीन की फाइल्स को हैंडल करने को लेकर। ट्रंप को लगता था कि बॉन्डी ज़्यादा आक्रामक नहीं रहीं और उनके दुश्मनों के खिलाफ ठोस कदम नहीं उठाए। ट्रंप ने सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में लिखा, 'पाम बॉन्डी एक महान अमेरिकी देशभक्त और मेरी वफादार दोस्त हैं। उन्होंने पिछले एक साल में अटॉर्नी जनरल के रूप में बहुत अच्छा काम किया। हम पाम से बहुत प्यार करते हैं और वे अब प्राइवेट सेक्टर में एक जरूरी और महत्वपूर्ण नई नौकरी में ट्रांजिशन कर रही हैं।' ट्रंप ने आगे कहा कि फिलहाल डिप्टी अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांचे कार्यकारी अटॉर्नी जनरल के रूप में काम करेंगे। ब्लांचे को बेहद प्रतिभाशाली और सम्मानित कानूनी सख्स बताया गया है। यह पिछले एक महीने में दूसरी बड़ी कैबिनेट बदलाव है। इससे पहले ट्रंप ने होमलैंड सिक्योरिटी विभाग की प्रमुख क्रिस्टी नोएम को भी हटा दिया था।

क्या है एपस्टीन फाइल्स का मामला?

जेफ्री एपस्टीन एक सेक्स ट्रैफिकर थे जो 2019 में जेल में मर गए। उनकी फाइल्स में कई बड़े नाम जुड़े थे। खुद ट्रंप का इसमें नाम है और उनके कई वीडियो सामने आ चुके हैं। ट्रंप प्रशासन ने इन फाइल्स को सार्वजनिक करने का वादा किया था, लेकिन प्रक्रिया में देरी और तरीके पर काफी आलोचना हुई। कुछ ट्रंप समर्थक भी इससे नाराज थे। यही मुख्य वजह बताई जा रही है कि ट्रंप बॉन्डी से नाराज हुए।

पाम बॉन्डी कौन हैं?

पाम बॉन्डी फ्लोरिडा की पूर्व अटॉर्नी जनरल रही हैं। वे ट्रंप की बहुत पुरानी समर्थक हैं। ट्रंप के पहले इम्पीचमेंट के समय उन्होंने उनकी लीगल टीम में काम किया था। फरवरी 2025 में उन्हें अटॉर्नी जनरल बनाया गया था। वे ट्रंप की दूसरी पसंद थीं। पहले मैट गेट्ज़ का नाम था, लेकिन सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोपों के कारण वे पीछे हट गए।

ट्रंप ने क्या कहा?

ट्रंप ने बॉन्डी की तारीफ़ करते हुए कहा कि उनके समय में अपराध दर बहुत घटी है। हत्या की दर 125 साल में सबसे कम हुई। एंटीफा के सदस्यों के खिलाफ पहली बार आतंकवाद के मामले दर्ज हुए। गैंग्स और ड्रग कार्टेल्स पर बड़ी कार्रवाई हुई। सुप्रीम कोर्ट में 24 मामलों में जीत मिली। ट्रंप ने निजी तौर पर पर्यावरण संरक्षण एजेंसी के प्रशासक ली ज़ेल्डिन का नाम अटॉर्नी जनरल के लिए चर्चा में रखा है। ज़ेल्डिन न्यूयॉर्क के पूर्व रिपब्लिकन कांग्रेसमैन हैं। ट्रंप उन्हें 'हमारा सीक्रेट वेपन' कह चुके हैं।


पाम बॉन्डी का बयान
पाम बॉन्डी ने भी एक बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि वे ट्रंप का विश्वास पाकर हमेशा आभारी रही हैं। उन्होंने लिखा, 'राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका को सुरक्षित और मज़बूत बनाने का काम मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। यह जस्टिस डिपार्टमेंट का अमेरिकी इतिहास का सबसे महत्वपूर्ण पहला साल था।'

बॉन्डी ने अपनी उपलब्धियां गिनाईं

हत्या की दर 125 साल में सबसे कम हुई। एंटीफा के सदस्यों के खिलाफ पहली बार आतंकवाद के मामले जीते। देश भर में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय गैंग्स को तोड़ा। 90 से ज्यादा प्रमुख कार्टेल सदस्यों को हिरासत में लिया। सुप्रीम कोर्ट में 24 जीत हासिल की।

उन्होंने कहा कि वे अगले एक महीने में ऑफिस को डिप्टी टॉड ब्लांचे को सौंपने का काम करेंगी। उसके बाद प्राइवेट सेक्टर में नई भूमिका में ट्रंप और उनकी सरकार का समर्थन करती रहेंगी। नई नौकरी के बारे में अभी कोई डिटेल नहीं बताई गई।यह घटना व्हाइट हाउस में हलचल मचा रही है। अब देखना होगा कि नया कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांचे या भविष्य में ली ज़ेल्डिन जैसे व्यक्ति जस्टिस डिपार्टमेंट को कैसे संभालते हैं।
Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Satya Hindi