Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
क्या है 'हस्तिनापुर के वीर' में भीष्म पितामह का जादू? मनीष वाधवा ने साझा किए दिलचस्प अनुभव

क्या है 'हस्तिनापुर के वीर' में भीष्म पितामह का जादू? मनीष वाधवा ने साझा किए दिलचस्प अनुभव

Stress Buster 1 week ago

टीवी शो 'हस्तिनापुर के वीर' में मनीष वाधवा का अनुभव

मुंबई, 2 जून। वर्तमान में टीवी जगत में नया पौराणिक धारावाहिक 'हस्तिनापुर के वीर' काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। यह शो महाभारत की कथा के आरंभिक चरणों को दर्शाता है, जिसमें अनुभवी अभिनेता मनीष वाधवा भीष्म पितामह की भूमिका निभा रहे हैं।

हाल ही में, उन्होंने एक मीडिया चैनल के साथ बातचीत में शो के युवा कलाकारों के साथ अपने अनुभव साझा किए।

मनीष वाधवा ने कहा, ''जब मैंने इस शो की शूटिंग शुरू की, तो मुझे नहीं पता था कि मेरा किरदार असल जिंदगी में भी रिश्तों को प्रभावित करेगा। भीष्म पितामह महाभारत के सबसे प्रतिष्ठित और मार्गदर्शक पात्रों में से एक हैं। दिलचस्प यह है कि शो में पांडवों और कौरवों का किरदार निभाने वाले बच्चे भी मुझे उसी नजर से देखने लगे हैं।''

उन्होंने आगे कहा, ''शूटिंग के दौरान मैंने देखा कि बच्चों के साथ मेरा रिश्ता केवल को-स्टार्स का नहीं है, बल्कि यह एक मार्गदर्शक की तरह बन गया है।''

अपने अनुभव को साझा करते हुए मनीष ने कहा, ''इन बच्चों की सीखने की इच्छा ने मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। आज की युवा पीढ़ी अपने काम को लेकर बेहद गंभीर है। वे हर सीन को समझने की कोशिश करते हैं और लगातार सवाल पूछते हैं। इतनी छोटी उम्र में इस तरह की जिज्ञासा और समर्पण बहुत खास है।''

उन्होंने बताया, ''शूटिंग के दौरान मिलने वाले फुर्सत के समय में सभी कलाकार मिलकर महाभारत की कहानियों और पात्रों पर चर्चा करते हैं। कई बार यह बातचीत इतनी दिलचस्प हो जाती है कि सभी कलाकार उसमें पूरी तरह डूब जाते हैं। इसके अलावा, सेट पर खूब हंसी-मजाक भी होता है।''

अभिनेता ने कहा, ''अब शो के कई युवा कलाकार मुझे ऑफ-स्क्रीन भी पितामह कहकर बुलाने लगे हैं। जब बच्चे मुझे इस नाम से पुकारते हैं, तो मुझे बहुत खुशी होती है। यह मेरे लिए सम्मान और अपनापन का प्रतीक है। यह रिश्ता मेरे लिए बेहद खास है और मैं इसे अपने करियर की खूबसूरत यादों में शामिल मानता हूं।''

'हस्तिनापुर के वीर' शो सोनी सब पर प्रसारित होता है।


Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Stress Buster