Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
बदहाली की मार झेल रहा अयोध्या खेड़ा का आंगनबाड़ी केंद्र

बदहाली की मार झेल रहा अयोध्या खेड़ा का आंगनबाड़ी केंद्र

खनऊ- राजधानी लखनऊ के विकास खण्ड मोहनलालगंज की ग्राम पंचायत कोडरा रायपुर स्थित अयोध्या खेड़ा आंगनबाड़ी केंद्र बदहाली का शिकार है। केंद्र परिसर में उगी ऊंची घास और भवन के अंदर टूटी फर्श के बीच मासूम बच्चों, गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं को जान जोखिम में डालकर आना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, केंद्र परिसर में चारों ओर घनी घास उग आई है। बरसात के मौसम में यहां सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बना रहता है। वहीं केंद्र के अंदर कई स्थानों पर फर्श उखड़ चुकी है, जिससे छोटे बच्चों के गिरकर चोटिल होने की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद बच्चों को इसी जर्जर भवन में बैठाकर पोषण एवं शिक्षण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि केंद्र की खराब स्थिति की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक न तो परिसर की सफाई कराई गई और न ही भवन की मरम्मत कराई गई। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए थे, लेकिन अयोध्या खेड़ा केंद्र की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया।ग्रामीणों का कहना है कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, टीकाकरण, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रारंभिक शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में इसकी उपेक्षा बच्चों की सुरक्षा और भविष्य के साथ खिलवाड़ है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा संबंधित अधिकारियों से केंद्र परिसर की तत्काल सफाई कराने, भवन की मरम्मत कराने और बच्चों के लिए सुरक्षित व स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ और कोई अप्रिय घटना हुई तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और अधिकारियों की होगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: swatantraprabhat