Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
किसानों के बीच पहुंचे नहर विभाग के अधिकारी, सुनी समस्याएं

किसानों के बीच पहुंचे नहर विभाग के अधिकारी, सुनी समस्याएं

बृजभूषण तिवारी

गोंडा। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने और नहरों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नहर विभाग के अधिकारियों ने किसानों के बीच पहुंचकर नहरों का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान चौपाल लगाकर किसानों से सीधा संवाद किया गया और नहर से जुड़ी उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई।

सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना अयोध्या धाम के मुख्य अभियंता संजय कुमार त्रिपाठी ने कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना का उद्देश्य किसानों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाना है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को केवल कार्यालयों तक सीमित रहने के बजाय नहरों पर पहुंचकर किसानों से सीधे संवाद करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमित रूप से नहरों का स्थलीय निरीक्षण करें और गांवों में चौपाल लगाकर किसानों की समस्याएं सुनें।

मुख्य अभियंता ने कहा कि नहर में पानी के प्रवाह में किसी प्रकार की बाधा, क्षतिग्रस्त पटरी, सिल्ट अथवा अन्य तकनीकी समस्या होने पर उसे तत्काल दूर कराया जाए। किसानों को सिंचाई के पानी के लिए किसी भी स्थिति में परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यदि किसी समस्या के समाधान के लिए उच्च स्तर से हस्तक्षेप आवश्यक हो तो उन्हें तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि समस्या का शीघ्र निस्तारण कराया जा सके।

इस दौरान अधीक्षण अभियंता गोंडा मनोज कुमार साहू ने नहर का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नहर व्यवस्था में जहां भी कमी दिखाई दे, उसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए, जिससे किसानों के खेतों तक पानी पहुंचने में कोई बाधा न आए।

सरयू नहर खंड-5 के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार ने भी किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। वहीं सरयू नहर खंड-2 गोंडा के अधिशासी अभियंता हरिश्चंद्र यादव ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

चौपाल में सहायक अभियंता सद्दाम हुसैन एवं सहायक अभियंता विवेक बरनवाल ने किसानों से संवाद कर नहर से संबंधित समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। सरयू नहर खंड-5 बहराइच के अवर अभियंता हंसराज ने किसानों द्वारा बताई गई समस्याओं को बिंदुवार दर्ज किया और उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

अधिकारियों के किसानों के बीच पहुंचने से ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। किसानों ने नहर में पानी के प्रवाह और अन्य स्थानीय समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जाएगा।

चौपाल में कोचवा प्रधान प्रतिनिधि राजेश कुमार सोनी, प्रधान प्रतिनिधि पंकज पाठक, राधेश्याम पाठक, राम सुरेश पासवान, अमरजीत सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: swatantraprabhat