Dailyhunt
पेट्रोल-डीजल व गैस की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से रहें दूर: डीएम

पेट्रोल-डीजल व गैस की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से रहें दूर: डीएम

दोही। जनपद में पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की कमी को लेकर फैल रही भ्रामक सूचनाओं के बीच जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। गुरुवार को जिलाधिकारी शैलेष कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर आपूर्ति व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा अन्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। सभी आवश्यक वस्तुएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अफवाहें फैलाकर आमजन को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है, जो पूरी तरह निराधार है।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने जनता से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे सोशल मीडिया पर साझा करें। प्रशासन लगातार सभी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है, जिससे किसी प्रकार की दिक्कत उत्पन्न न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक में उपस्थित पेट्रोल पंप एवं गैस एजेंसी संचालकों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे आपूर्ति व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने में पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

जिला प्रशासन ने बताया कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को पारदर्शी बनाए रखने के लिए लगातार निरीक्षण व मॉनिटरिंग की जा रही है। संबंधित विभागों को नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए हैं। अंत में प्रशासन ने जनपदवासियों से संयम बरतने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की, ताकि शांति व व्यवस्था बनी रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: swatantraprabhat