लुधियाना- थाना मोती नगर पुलिस ने एक कथित तस्कर को 100 ग्राम हेरोइन, 2 देसी .32 बोर पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एन.डी.पी.एस. और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई डी.सी.पी. (देहाती) जसकरणजीत सिंह तेजा, ए.डी.सी.पी. जोन-4 जसनदीप सिंह गिल तथा ए.सी.पी. इंडस्ट्रियल एरिया-ए इंद्रजीत सिंह बोपाराय के दिशा-निर्देश में की गई।
थाना मोती नगर के प्रभारी भूपिंदर सिंह विक्की के नेतृत्व में पुलिस टीम 29 जुलाई को सिंगला डेयरी स्कूल के पास गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि बिट्टू कुमार उर्फ बिट्टू निवासी कैलाश नगर, मंगा किरयाना स्टोर के पास अपने कमरे में हेरोइन और अवैध हथियारों के साथ मौजूद है तथा लंबे समय से नशा तस्करी में शामिल है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उससे हेरोइन, पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें 3 मार्च को थाना मोती नगर में आर्म्स एक्ट का मामला, 29 अप्रैल 2022 और 30 अप्रैल 2022 को थाना फोकल प्वाइंट में चोरी व आर्म्स एक्ट से संबंधित तथा 6 दिसंबर 2024 को थाना जमालपुर में बी.एन.एस. की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज मुकदमा शामिल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह हेरोइन कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था तथा उसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पकड़े गए आरोपी बारे जानकारी देते थाना मोती नगर के प्रभारी भूपिंदर सिंह विर्क और अन्य।

