महिला यात्रियों ने कहा, भाजपा सरकार ने वादा निभाया
कोलकाता। महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की महत्वाकांक्षी योजना शुरू होने के पहले ही दिन एक अनोखा नजारा देखने को मिला।
राज्य की शहरी विकास एवं नगर प्रशासन मंत्री अग्निमित्रा पाल सोमवार को अचानक एक सरकारी बस में सवार हो गईं। उन्होंने दक्षिण कोलकाता के गडिय़ाहाट से रूबी मोड़ तक आम यात्रियों के साथ बस में सफर किया और नई योजना का जमीनी स्तर पर निरीक्षण कर सीधे महिलाओं से उनकी राय जानी।
राज्य सरकार की ओर से सोमवार से सभी सरकारी बसों में महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा योजना लागू कर दी गई है। योजना के पहले ही दिन सुबह से बसों में महिला यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। इसी बीच अचानक मंत्री को अपने बीच पाकर यात्रियों का उत्साह दोगुना हो गया। सफर के दौरान कई महिलाओं ने सरकार का आभार जताते हुए कहा कि यह फैसला उनके दैनिक खर्च को कम करने में बड़ी मदद करेगा और भाजपा सरकार ने चुनाव में किया अपना वादा पूरी निष्ठा से निभाया है। नई व्यवस्था के तहत महिलाएं राज्य की सभी सरकारी परिवहन सेवाओं-डब्ल्यूटीसी, सीएसटीसी, एनबीएसटीसी और एसबीएसटीसी की बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। यह सुविधा केवल शहरों तक सीमित नहीं होगी, बल्कि दार्जिलिंग से दीघा जैसी लंबी दूरी की बसों पर भी लागू होगी।
योजना को व्यवस्थित रखने के लिए सरकार महिलाओं को एक विशेष पिंक कार्ड (स्मार्ट कार्ड) उपलब्ध कराएगी, जिसे बस परिचालक की मशीन में स्वाइप करने पर जीरो वैल्यू टिकट जारी होगा। मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाना और उनका बोझ कम करना है, और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि हर पात्र महिला तक इसका लाभ बिना किसी परेशानी के पहुंचे।

