Dailyhunt
भाजपा सत्ता में आई तो विधानसभा सीटों के पुनर्गठन के जरिए बंगाल का बंटवारा होगा : ममता बनर्जी

भाजपा सत्ता में आई तो विधानसभा सीटों के पुनर्गठन के जरिए बंगाल का बंटवारा होगा : ममता बनर्जी

Taaza TV Hindi 1 week ago

मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा एक बाहरी एजेंसी के जरिए लोगों को पैसे देकर प्रभावित करने की कोशिश कर रही है

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि यदि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य में सत्ता में आती है तो विधानसभा क्षेत्रों के पुनर्गठन के जरिए बंगाल का बंटवारा किया जा सकता है।

उन्होंने दावा किया कि इस योजना के तहत बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों को मिलाकर अलग राज्य बनाने की साजिश रची जा रही है।
दक्षिण दिनाजपुर जिले के हरिरामपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा राज्य को विभाजित करने की योजना बना रही है और यह तभी संभव होगा जब वह सत्ता में आएगी। उन्होंने लोगों से भाजपा को फिर से हराने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने आगामी दो चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाताओं को सतर्क रहने की भी सलाह दी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती के जरिए भाजपा असली मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक पहुंचने से रोकने की कोशिश कर सकती है।
उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही की गुंजाइश नहीं है और लोगों को पूरी तरह सतर्क रहना होगा
ममता बनर्जी ने मालदा जिले के कालियाचक में न्यायिक अधिकारियों के उत्पीड़न मामले के मुख्य आरोपित मोफक्कारुल इस्लाम की गिरफ्तारी के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस के आपराधिक अन्वेषण विभाग की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी के राज्य पहुंचने से पहले ही सीआईडी ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा एक बाहरी एजेंसी के जरिए लोगों को पैसे देकर प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी को भी अपने बैंक खाते की जानकारी साझा न करें।
रायगंज में एक अन्य चुनावी सभा में ममता बनर्जी ने दावा किया कि उन्हें उन एजेंसियों की पूरी जानकारी है जिन्हें भाजपा ने राज्य में भारी मात्रा में नकदी लाने और लोगों में बांटने के लिए नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि वह उचित समय पर इसका खुलासा करेंगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Taaza TV Hindi