Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
अमेरिकी विदेश उप मंत्री ने नेपाल के विदेश मंत्री से टेलीफोन पर बात की

अमेरिकी विदेश उप मंत्री ने नेपाल के विदेश मंत्री से टेलीफोन पर बात की

काठमांडू ।अमेरिका के विदेश उप मंत्री एलिसन एम. हुकर ने गुरुवार शाम को नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से टेलीफोन पर बात की और उन्हें अमेरिका की ओर से नेपाल को हर क्षेत्र में नज़दीकी सहयोग का आश्वासन दिया।

नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार बातचीत के दौरान अमेरिकी विदेश उप मंत्री हुकर ने शिशिर खनाल को नेपाल के विदेश मंत्री का कार्यभार संभालने पर बधाई दी और कहा कि अमेरिकी सरकार नेपाल सरकार के साथ नजदीकी सहयोग जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

इसके जवाब में विदेश मंत्री खनाल ने बधाई संदेश के लिए धन्यवाद देते हुए नेपाल के समग्र विकास में लगातार सहयोग करने पर अमेरिकी सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

वार्ता के दौरान मंत्री खनाल ने नेपाल सरकार की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार सुशासन, आधारभूत संरचना, ऊर्जा, पर्यटन और डिजिटल प्रौद्योगिकी में निवेश बढ़ाकर आर्थिक विकास को गति देने पर विशेष ध्यान दे रही है।

अमेरिकी विदेश उप मंत्री हुकर ने नेपाल की विकास प्राथमिकताओं की सराहना करते हुए कहा कि अमेरिका इस प्रक्रिया में नेपाल को सहयोग देता रहेगा। इसे नेपाल में अमेरिकी रणनीतिक और विकासात्मक रुचि के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।

दोनों के बीच नेपाल और अमेरिका के लगभग आठ दशक पुराने सहयोगपूर्ण संबंधों पर भी चर्चा हुई। साथ ही द्विपक्षीय और बहुपक्षीय मंचों पर आपसी हितों के लिए सहयोग को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

हाल के दिनों में नेपाल में अमेरिका की बढ़ती कूटनीतिक सक्रियता दक्षिण एशिया में बदलते भू-राजनीतिक समीकरणों के बीच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अगले हफ्ते अमेरिकी विदेश मंत्रालय के पब्लिक डिप्लोमेसी विभाग की प्रमुख का नेपाल आने का कार्यक्रम है।

इससे पहले नेपाल में नई सरकार गठन के साथ ही सबसे पहले अमेरिकी विदेश उप मंत्री समीर पॉल कपूर का भ्रमण हुआ । उसके बाद दक्षिण एशिया मामले के विशेष दूत और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियों गोर का भ्रमण हुआ। इस प्रकार से नेपाल में अमेरिकी कूटनीतिक सक्रियता बढ़ रही है।अमेरिका लगातार नेपाल में विकास, लोकतंत्र, डिजिटल क्षेत्र और बुनियादी ढांचे में अपनी भागीदारी बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Tarun Mitra Hindi