Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
एसटीएफ ने 50 हजार के इनामी काे बनारस रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया

एसटीएफ ने 50 हजार के इनामी काे बनारस रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया

वाराणसी। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की अयाेध्या फील्ड इकाई ने बलिया जिले से घाेषित 50 हजार रूपये के इनामी बदमाश को शनिवार को वाराणसी के बनारस रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित के खिलाफ बलिया के कोतवाली और सुखपुरा थानों में मारपीट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

एसटीएफ के अपर पुलिस उपाधीक्षक प्रेमश कुमार शुक्ल ने बताया कि अयोध्या फील्ड यूनिट की टीम उपनिरीक्षक सौरभ मिश्र के नेतृत्व में मुख्य आरक्षी संतोष सिंह, नीरज सिंह, चंद्रप्रकाश, कमांडो राजकुमार तथा आरक्षी चालक सर्वेश यादव के साथ फरार और इनामी अपराधियों की तलाश में वाराणसी में अभियान चला रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बलिया के रामपुर उदयभान (थाना कोतवाली) निवासी मनोज यादव बनारस रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार पर मौजूद है और ट्रेन पकड़कर फरार होने की फिराक में है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वर्ष 2021 में उसके करीबी मित्र आदित्य पांडेय के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। इसका बदला लेने के लिए उसने 10-12 युवकों का समूह बनाकर कई बार मारपीट की घटनाओं को अंजाम दिया। उसने यह भी स्वीकार किया कि क्षेत्र में वर्चस्व स्थापित करने के उद्देश्य से लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास किया जाता था। इन मामलों में वह पहले जेल भी जा चुका है।

मनोज यादव ने पूछताछ में बताया कि जेल से रिहा होने के बाद पुलिस की लगातार कार्रवाई से बचने के लिए वह तमिलनाडु चला गया था। हालांकि, इस दौरान वह बीच-बीच में बलिया भी आता-जाता रहा। एक मारपीट के मामले में फरार रहने के कारण उसके विरुद्ध 50 हजार का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदलते हुए छिपकर रह रहा था। एसटीएफ ने बताया कि आरोपित को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस उससे जुड़े अन्य मामलों और उसके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Tarun Mitra Hindi