लखनऊ। खुर्रम नगर पेट्रोल पंप परिसर में संचालित पंजाबी फ्लेवर्ड फूड हब रेस्टोरेंट में शुक्रवार शाम को भीषण आग लग गई। आग की लपटें करीब 10 फीट ऊपर तक उठीं। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग एसी के कंप्रेसर में विस्फोट होने के बाद लगी।
देखते ही देखते लपटों ने रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। एसडीआरएफ की टीम भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग से फूड हब में रखा सामान जलकर नुकसान होने की बात सामने आई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर एसी कंप्रेसर फटने को आग की वजह माना जा रहा है। रेस्टोरेंट पेट्रोल पंप परिसर में अवैध रूप से चल रहा था।

