बरेली। प्रदेश में गोवंश संरक्षण और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि प्रदेश की लगभग 7,500 से अधिक गोशालाओं में 14 लाख से ज्यादा गायों का संरक्षण किया गया है।
अब हर गोशाला में भूसा बैंक बनाया जाएगा, जिससे गायों को हमेशा पर्याप्त चारा उपलब्ध हो सके। मंत्री ने सर्किट हाउस में गुरुवार काे आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर हर गोशाला में भूसा बैंक स्थापित किया जा रहा है।
इसमें हमेशा कम से कम 10 क्विंटल भूसा उपलब्ध रहेगा। साथ ही, चरागाह की जमीन को कब्जामुक्त कर वहां हरा चारा उगाने की योजना भी तेजी से लागू की जा रही है। इससे गोशालाओं की स्थिति सुधारने में मदद मिलेगी और पशुपालन के क्षेत्र में स्थायित्व आएगा।
गोवंश संरक्षण और गोशालाओं की निगरानी के लिए छह विभागों - नगर विकास, पशुपालन, पंचायतीराज, ग्राम विकास, राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई है। इस पूरी व्यवस्था की निगरानी मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) करेंगे।
मंत्री ने कहा कि यह कदम गोशालाओं में गोवंश की सुरक्षा और बेहतर पालन के लिए मील का पत्थर साबित होगा। किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से पशुपालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके तहत नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मिनी नंदिनी योजना और मुख्यमंत्री स्वदेशी गो संवर्धन योजना चलाई जा रही हैं।
मंत्री ने कहा कि कम दूध देने वाली गायों को छोड़ने की समस्या से निपटने के लिए नस्ल सुधार पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
सरकार द्वारा किसानों को देसी और उन्नत नस्लों जैसे साहीवाल, गिरी, हरियाणवी, गंगागिरी और पारपारकर गायों का सीमन मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं बछिया पैदा करने के लिए विशेष सीमन मात्र 100 रुपये में मिलेगा। इससे पशुपालन को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा और किसानों की आय में सुधार होगा।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के गैस और तेल की किल्लत वाले बयान पर मंत्री धर्मपाल सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि एलपीजी की समस्या वैश्विक है, लेकिन केंद्र सरकार के प्रयासों से आपूर्ति सुचारु है और प्रदेश में कहीं भी कोई किल्लत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है, सिर्फ जाति आधारित राजनीति है।
मंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बढ़ती फीस वाले प्राइवेट स्कूलों के मुद्दे पर जिला प्रशासन से चर्चा की जाएगी। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन "मजदूर का बेटा भी हजूर बनेगा" को आगे बढ़ा रही है, ताकि हर वर्ग को समान अवसर मिल सके।
भूसा बैंक योजना और चरागाह की जमीन को कब्जामुक्त कराने से गोवंश संरक्षण को मजबूती मिलेगी और किसानों को पशुपालन में स्थायी लाभ मिलेगा। मंत्री धर्मपाल सिंह ने इस अवसर पर सभी विभागों और स्थानीय प्रशासन से सहयोग की अपील की, ताकि यह योजना सफलतापूर्वक लागू हो और प्रदेश में गोवंश संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव आए।
इस तरह यूपी में गोशालाओं की किलेबंदी, भूसा बैंक की स्थापना और चरागाह की जमीन को कब्जामुक्त कराना न केवल गायों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने और पशुपालन को स्थायित्व प्रदान करने में भी मदद करेगा।

