Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
जेईई एडवांस्ड में शुभम ने लहराया परचम, देश के बने टॉपर, 56,880 अभ्यर्थी सफल

जेईई एडवांस्ड में शुभम ने लहराया परचम, देश के बने टॉपर, 56,880 अभ्यर्थी सफल

ई दिल्ली। देश के प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में प्रवेश का रास्ता खोलने वाली जेईई एडवांस्ड 2026 परीक्षा का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया। इस वर्ष दिल्ली जोन के शुभम कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल की।

शुभम ने 360 में से 330 अंक प्राप्त कर कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल) में पहला स्थान हासिल किया।

परिणामों में दिल्ली जोन का दबदबा साफ दिखाई दिया। शुभम कुमार के अलावा कबीर छिल्लर दूसरे और जतिन चाहर तीसरे स्थान पर रहे। चौथे स्थान पर मद्रास जोन के मोहित शेखर शुक्ला तथा पांचवें स्थान पर कुची संदीप रहे। शीर्ष-10 रैंक में देश के विभिन्न जोनों के मेधावी छात्रों ने जगह बनाई।

इस वर्ष 17 मई को आयोजित परीक्षा में दोनों पेपरों में कुल 1,79,694 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 56,880 उम्मीदवार सफल घोषित किए गए। सफल अभ्यर्थियों में 46,773 पुरुष और 10,107 महिला उम्मीदवार शामिल हैं। परीक्षा के लिए कुल 1,87,389 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था।

महिला अभ्यर्थियों में दिल्ली जोन की आरोही देशपांडे ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 280 अंक हासिल कर कॉमन रैंक लिस्ट में 77वीं रैंक प्राप्त की और देश की टॉप महिला उम्मीदवार बनीं। विभिन्न आरक्षित श्रेणियों में भी अलग-अलग टॉपर सामने आए। ईडब्ल्यूएस वर्ग में बी. जयकृष्णा श्रीनिवास, ओबीसी-एनसीएल में जतिन चाहर, एससी वर्ग में कोविद बूब तथा एसटी वर्ग में जतिन कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। पीडब्ल्यूडी श्रेणी में अर्श जैन शीर्ष पर रहे।

जोनवार प्रदर्शन में मद्रास जोन सबसे आगे रहा, जहां से 14,294 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की। इसके बाद बॉम्बे जोन से 12,389 और दिल्ली जोन से 10,697 उम्मीदवार सफल हुए। शीर्ष 500 रैंक में भी इन तीनों जोनों का प्रभाव देखने को मिला। अब जेईई एडवांस्ड में सफल अभ्यर्थी संयुक्त सीट आवंटन प्रक्रिया (जोसा) काउंसलिंग में भाग लेकर देश के विभिन्न आईआईटी, एनआईटी और अन्य प्रमुख तकनीकी संस्थानों में प्रवेश के लिए दावा पेश करेंगे। परिणाम घोषित होने के साथ ही लाखों छात्रों का इंतजार समाप्त हो गया है और अब उनकी निगाहें काउंसलिंग तथा सीट आवंटन प्रक्रिया पर टिकी हैं।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Tarun Mitra Hindi