Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
ज्येष्ठ पूर्णिमा पर अमरकंटक में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, वर्षा के बीच जारी रहा दर्शन-पूजन

ज्येष्ठ पूर्णिमा पर अमरकंटक में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, वर्षा के बीच जारी रहा दर्शन-पूजन

नूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में की प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक तीर्थस्थल नगरी अमरकंटक में रविवार को अधिमास ज्येष्ठ मास शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा, अनुराधा नक्षत्र के अवसर पर श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

पतित पावनी मां नर्मदा के उद्गम क्षेत्र में हजारों भक्त श्रद्धालु, तीर्थयात्री एवं दर्शनार्थी पहुंचे और नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। प्रातःकाल से ही मां नर्मदा के कोटितीर्थ कुंड, रामघाट, उत्तर एवं दक्षिण तट तथा आरंडी संगम तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

भक्तों ने पवित्र नर्मदा जल में आस्था की डुबकी लगाकर स्नान किया तथा मां नर्मदा का स्मरण करते हुए अपने परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की। इसके उपरांत श्रद्धालु नर्मदा उद्गम मंदिर पहुंचे, जहां लंबी कतारों में खड़े होकर उन्होंने भजन-कीर्तन एवं जयकारों के बीच मां नर्मदा के दर्शन किए।

श्रद्धालुओं ने श्रद्धा एवं विश्वास के साथ मंदिर में माथा टेककर परिवार के सुख, शांति, समृद्धि, ऐश्वर्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की मंगल कामना की। मंदिर परिसर पूरे दिन धार्मिक वातावरण से गुंजायमान रहा।

ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर नर्मदा स्नान एवं दर्शन-पूजन का क्रम सुबह लगभग 5 बजे से प्रारंभ हो गया था, जो देर शाम तक निरंतर चलता जारी हैं। नर्मदा तटों, मंदिर परिसर तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर भक्तों और पर्यटकों की चहल-पहल बनी रही। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए स्थानीय प्रशासन एवं मंदिर प्रबंधन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।

मौसम की दृष्टि से भी दिन विशेष रहा। दोपहर लगभग 12 बजे तक नौतपा का प्रभाव दिखाई दिया तथा तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास बना रहा। इसके बाद आसमान में काले बादल छा गए और रुक-रुक कर हल्की वर्षा होती रही, जिससे मौसम सुहावना हो गया। वर्षा के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई और दर्शन-पूजन का क्रम निरंतर जारी रहा।

ज्येष्ठ पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर अमरकंटक में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला, जहां मां नर्मदा के चरणों में हजारों श्रद्धालुओं ने अपनी आस्था अर्पित कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Tarun Mitra Hindi