Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
महिंगवाँ के गुलालपुर में ज़मीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प, महिलाओं समेत छह लहूलुहान

महिंगवाँ के गुलालपुर में ज़मीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प, महिलाओं समेत छह लहूलुहान

ख्शी का तालाब। रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब पुश्तैनी ज़मीन के एक टुकड़े के लिए दो सगे भाई और उनके परिवार आपस में भिड़ गए। महिंगवाँ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गुलालपुर (अकड़ा) में हुई इस हिंसक झड़प में धारदार हथियारों का खुलकर इस्तेमाल किया गया।

इस खूनी संघर्ष में दोनों पक्षों के महिलाओं सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए, जिन्हें आनन-फानन में विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गुलालपुर निवासी कमलेश और उनके सगे भाई चंद्रपाल के बीच घर के सामने स्थित सहन (खाली ज़मीन) के मालिकाना हक को लेकर लंबे समय से मनमुटाव चल रहा था। रविवार सुबह करीब आठ बजे इसी ज़मीन पर कब्ज़े और इस्तेमाल को लेकर दोनों भाइयों में एक बार फिर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि चंद्रपाल के बेटों-सोनू, मोनू और संतोष ने आपा खो दिया और घर में रखे कृषि उपकरण निकाल लाए।विवाद के उग्र होते ही सोनू और मोनू ने फावड़े और कुल्हाड़ी से कमलेश के परिवार पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में कमलेश के पक्ष से मखाना, प्रमोद, बहू क्रांति और बेटा नीरज लहूलुहान होकर ज़मीन पर गिर पड़े। बीच-बचाव करने आए खुद चंद्रपाल के सिर पर भी फावड़े का गहरा वार लग गया, जिससे उनका सिर फट गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और पुलिस को सूचना दी।

घटना की सूचना मिलते ही महिंगवाँ थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों के लिए रवाना किया। प्राथमिक उपचार के लिए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इटौंजा और राम सागर मिश्र अस्पताल ले जाया गया। वहीं, सिर पर गंभीर चोट होने के कारण चंद्रपाल की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

इस संबंध में महिंगवाँ थाना प्रभारी राधेश्याम मौर्या ने बताया कि, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई है। फिलहाल सभी का इलाज जारी है। थाना प्रभारी के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थिति पर नज़र रख रही है और लिखित शिकायत मिलते ही सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी करेगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Tarun Mitra Hindi