लखनऊ। शहर में मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए फॉगिंग और एंटी लार्वा गतिविधियों को तेज कर दिया गया है। निगम की टीमें प्रतिदिन 100 से अधिक स्थानों पर एंटी लार्वा का छिड़काव कर रही हैं, जिससे मच्छरों के प्रजनन को रोकने में मदद मिल रही है।
इसके साथ ही फॉगिंग कार्यों में भी तेजी लाई गई है, ताकि डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों के खतरे को कम किया जा सके।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पीके श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार और सोमवार को भी अभियान जारी रखते हुए शहर के 102 से अधिक स्थानों पर फॉगिंग कराई गई। इस दौरान घनी आबादी वाले क्षेत्रों, जलभराव वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों को प्राथमिकता दी गई, जहां मच्छरों के पनपने की संभावना अधिक रहती है। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने सभी जोनल सेनेटरी ऑफिसर और एसएफआई को निर्देश दिए हैं कि फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और कार्य नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर आवश्यक कदम उठाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, चीफ इंजीनियर आरआर को भी निर्देशित किया गया है कि सभी टीमों को पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि फॉगिंग कार्य बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से संचालित हो सके। नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें और कहीं भी पानी जमा न होने दें, जिससे मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके।

