Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
पीओके के हालात पर लंदन में विरोध प्रदर्शन, अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील

पीओके के हालात पर लंदन में विरोध प्रदर्शन, अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील

लंदन। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में कथित दमन और सुरक्षा बलों की कार्रवाई के विरोध में सोमवार को यूनाइटेड किंगडम में रह रहे कश्मीरी समुदाय के लोगों ने लंदन स्थित पाकिस्तान उच्चायोग के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने पीओके में मानवाधिकारों की बहाली, गिरफ्तार लोगों की रिहाई और आम नागरिकों पर कार्रवाई रोकने की मांग उठाई। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने नारेबाजी करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी मामले में हस्तक्षेप की अपील की। यह प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है, जब पीओके से लगातार तनाव और विरोध प्रदर्शनों की खबरें सामने आ रही हैं।

विभिन्न रिपोर्टों में सुरक्षा बलों की कार्रवाई में नागरिकों के मारे जाने और घायल होने के दावे किए गए हैं। साथ ही कई इलाकों में कर्फ्यू, संचार सेवाएं बंद होने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि लंदन में हुए प्रदर्शन के माध्यम से प्रवासी कश्मीरियों ने पीओके के लोगों के साथ एकजुटता दिखाई। समिति का कहना है कि बल प्रयोग से जनआंदोलन को दबाया नहीं जा सकता और विदेशों में रहने वाले कश्मीरी अपने लोगों के अधिकारों की लड़ाई में साथ खड़े रहेंगे।

उधर, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की ब्रिटेन इकाई ने भी प्रदर्शन का समर्थन करते हुए आरोप लगाया कि पीओके में कई प्रदर्शनकारी मारे गए, सैकड़ों घायल हुए और अनेक लोगों को हिरासत में लिया गया है। पार्टी ने आंदोलन के प्रमुख नेता शौकत नवाज मीर की गिरफ्तारी का भी दावा किया।

इस बीच ब्रिटिश सांसद इमरान हुसैन ने पाकिस्तान सरकार से पीओके में लगाए गए प्रतिबंध हटाने, संचार सेवाएं बहाल करने और सभी पक्षों के साथ शांतिपूर्ण वार्ता शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कश्मीरियों के मानवाधिकारों का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर ब्रिटेन के विदेश सचिव को पत्र भेजा गया है और ब्रिटिश संसद में भी मामला उठाया गया है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Tarun Mitra Hindi