लखनऊ।लखनऊ के थाना पीजीआई पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 1 मई 2026 को पीड़िता की तहरीर पर थाना पीजीआई में मुकदमा दर्ज किया गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि अफसर आलम निवासी सरोजनीनगर ने शादी का झांसा देकर करीब चार साल तक पीड़िता के साथ संबंध बनाए। इस दौरान वह उसे साउथ सिटी के सेक्टर-6ए में अपने साथ रखता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपी से शादी करने के लिए कहा तो उसने साफ इनकार कर दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने धारा 69/351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 2 मई 2026 को आरोपी को शहीद पथ अंडरपास के पास एमटी स्कूल के निकट से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफसर आलम (उम्र करीब 26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के वैशाली जनपद का रहने वाला है और वर्तमान में सरोजनीनगर क्षेत्र में रह रहा था।पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को थाना पीजीआई पुलिस टीम ने अंजाम दिया है।

