लखनऊ। गुरुवार सीएम हेल्पलाइन 1076 में सेवा देने वाली वी विन लिमिटेड कंपनी के 200 से ज्यादा कर्मचारियों ने को प्रदर्शन किया। सभी कर्मचारी गोमतीनगर स्थित ऑफिस साइबर टावर से निकलकर लोहिया पथ पर नारेबाजी करते हुए बढ़ने लगे।
इस दौरान कई कर्मचारी रो रहे थे। करीब 4.5 किलोमीटर पैदल चलने के बाद उन्हें पुलिस समतामूलक चौक के पास रोक लिया।

कर्मचारियों का कहना था कि 15 हजार रुपए की सैलरी का वादा करके 7000-8000 रुपए दिए जा रहे हैं। दो महीने की सैलरी भी रोककर दी जा रही है। कंपनी के ऑफिस में काम के लिए जाते वक्त बाहर ही सबके फोन जब्त कर लिए जाते हैं। घर में कोई भी इमरजेंसी आ जाए, हम लोग जब काम करके लौटेंगे तभी जान पाएंगे। वी विन लिमिटेड कंपनी आउटसोर्सिंग के जरिये सीएम हेल्पलाइन 1076 का संचालन करती है।
सीएम हेल्पलाइन में यूपी के सभी 75 जिलों से लोग तहसील, जिला, पुलिस, बिजली, पानी, सरकारी अस्पताल, स्कूल, फसल बीमा, पेंशन, राशन कार्ड, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास और सीएम आवास संबंधी शिकायत दर्ज कराते हैं। करीब 1 घंटे की बातचीत के बाद पुलिस और कंपनी के अधिकारियों ने सीएम हेल्पलाइन के कर्मचारियों को मना लिया। 5 कर्मचारियों को मुख्यमंत्री से मिलाने ले जाया जा रहा है। वहीं, अन्य सभी कर्मचारियों को उनके कार्यस्थल सीएम हेल्पलाइन के कार्यालय गोमती नगर के साइबर टावर भेज दिया गया है।

