Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
सीवान: बिजली विभाग की लापरवाही से हादसा, महिला की मौत, गांव में पसरा मातम

सीवान: बिजली विभाग की लापरवाही से हादसा, महिला की मौत, गांव में पसरा मातम

सीवान । बिहार जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के सोंधानी गोवासी टोला में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में बिजली करंट लगने से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसे बचाने गया एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतका की पहचान गांव निवासी संतोष कुमार की पत्नी गायित्री देवी (35) के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक की पहचान कमली राय के पुत्र राजेश कुमार (22) के रूप में हुई है, जिसका इलाज भगवानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गायित्री देवी अपने घर में थीं। इसी दौरान घर में लगी लोहे की सीढ़ी में अचानक बिजली प्रवाहित हो गई। सीढ़ी के संपर्क में आते ही वह करंट की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें बचाने के प्रयास में राजेश कुमार भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गया।

घटना के बाद परिजन एवं स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को इलाज के लिए भगवानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गायित्री देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल युवक का उपचार जारी है।

घटना को लेकर ग्रामीणों और परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मृतका के घर के समीप 220 वोल्ट का बिजली तार काफी नीचे लटका हुआ था, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती थी।

ग्रामीणों के अनुसार, कई बार शिकायत करने के बावजूद विभाग ने समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद लोगों ने स्वयं रस्सी के सहारे तार को हटाकर सुरक्षित किया। लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते बिजली विभाग ने कार्रवाई की होती तो इस दुर्घटना को टाला जा सकता था।

गायित्री देवी अपने पीछे तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। इनमें 10 वर्षीय पुत्री एकता कुमारी, छह वर्षीय पुत्र अंकुश कुमार तथा दो वर्षीय एक अन्य पुत्र शामिल हैं। मां की असमय मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका का पति दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के चीत्कार और मासूम बच्चों की बिलखती आवाज सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। ग्रामीणों ने मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Tarun Mitra Hindi