Dailyhunt

Begusarai News : बेगूसराय में दरिंदगी के शिकार 4 वर्षीय मासूम बच्ची से मिले कांग्रेस जिलाध्यक्ष गरीब दास.

The Begusarai 2 weeks ago

Begusarai News : बेगूसराय में 4 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई जघन्य दरिंदगी ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। इस अमानवीय कृत्य के बाद समाज में भारी आक्रोश है। घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और अस्पताल जाकर मासूम का हाल जाना।

दोषियों को मिले मृत्युदंड: गरीब दास

अस्पताल में इलाजरत बच्ची के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए जिलाध्यक्ष ने इस घटना को मानवता पर एक गहरा कलंक बताया। उन्होंने कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा, “ऐसे राक्षसों का समाज और धरती पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाना चाहिए।” उन्होंने मांग की कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो ताकि पीड़ित को अविलंब न्याय मिल सके।

एसपी से मांग: पॉक्सो एक्ट के तहत हो कड़ी कार्रवाई

जिलाध्यक्ष ने बेगूसराय पुलिस अधीक्षक (SP) से फोन पर वार्ता कर मांग की है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत ठोस साक्ष्य जुटाकर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई ही भविष्य में ऐसी घिनौनी वारदातों पर अंकुश लगा सकती है।

सूखा नशा बना अपराध की जड़

घटना के कारणों पर चर्चा करते हुए गरीब दास ने जिले में फल-फूल रहे ‘सूखा नशा’ के अवैध कारोबार को इस जघन्य पाप की मुख्य वजह बताया। उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा जिले में सूखे नशे का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है, जिस पर पुलिस की चुप्पी चिंताजनक है। प्रशासन तत्काल प्रभाव से इस अवैध धंधे को बंद कराए। युवाओं को नशे की गर्त से निकालने के लिए जिले भर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए।

कांग्रेस कमिटी पीड़ित परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। मासूम को न्याय दिलाने के लिए हम हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।– शिव प्रकाश गरीब दास, जिलाध्यक्ष, बेगूसराय कांग्रेस

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: The Begusarai