Dailyhunt
हार्दिक के आउट होते ही क्रुणाल का जोश, सोशल मीडिया पर चर्चा

हार्दिक के आउट होते ही क्रुणाल का जोश, सोशल मीडिया पर चर्चा

ईपीएल 2026 के मुकाबले में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच सिर्फ मैच ही नहीं, बल्कि दो भाइयों की कहानी भी सुर्खियों में रही। हार्दिक पांड्या और क्रुणाल पांड्या के बीच रिश्तों में खटास की अटकलें तेज हो गई हैं।

सबसे ज्यादा चर्चा उस पल की हुई जब हार्दिक पांड्या के आउट होने पर क्रुणाल ने काफी आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया। यह दृश्य फैंस के लिए चौंकाने वाला था, क्योंकि दोनों भाई पहले मैदान पर अक्सर एक-दूसरे के साथ मजाक और गर्मजोशी दिखाते थे।

हार्दिक के आउट पर क्रुणाल का जश्न क्यों चर्चा में?

मैच के दौरान हार्दिक पांड्या 22 गेंदों में 40 रन बनाकर खेल रहे थे। वह बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में जैकब डफी की गेंद पर आउट हो गए, जहां कैच रोमारियो शेफर्ड ने लपका। जैसे ही विकेट गिरा, क्रुणाल पांड्या तेजी से दौड़ते हुए आए और काफी जोश के साथ जश्न मनाया। उन्होंने अजीब तरीके से सिर को भी घुमाया। यह जश्न इतना आक्रामक था कि सोशल मीडिया पर तुरंत चर्चा शुरू हो गई कि क्या दोनों भाइयों के बीच सब ठीक नहीं है।

मैच के दौरान नहीं दिखी कोई बातचीत

फैंस ने यह भी नोटिस किया कि पूरे मैच के दौरान हार्दिक और क्रुणाल के बीच कोई बातचीत या सामान्य गर्मजोशी नजर नहीं आई। यहां तक कि मैच के बाद भी दोनों ने हाथ मिलाते हुए या हंसते-मुस्कुराते हुए नजर नहीं आए। जब क्रुणाल गेंदबाजी कर रहे थे, तब भी दोनों ने एक-दूसरे को ठीक से नहीं देखा। यह व्यवहार पहले के मुकाबलों से बिल्कुल अलग था, जहां दोनों भाई अक्सर एक-दूसरे के साथ हंसी-मजाक करते दिखते थे।

सोशल मीडिया से शुरू हुई दरार की चर्चा

दरअसल, सोशल मीडिया पर फैंस दावा कर रहे हैं कि पांड्या ब्रदर्स के बीच दूरी की अटकलें पहले से ही चल रही थीं। फैंस के मुताबिक, टी20 विश्वकप 2026 में हार्दिक के शानदार प्रदर्शन के बावजूद क्रुणाल ने उन्हें सोशल मीडिया पर बधाई नहीं दी। हार्दिक ने इस टूर्नामेंट में 217 रन बनाए और नौ विकेट लिए, लेकिन इस बड़ी उपलब्धि पर बड़े भाई की चुप्पी ने फैंस को चौंका दिया। पहले जहां क्रुणाल हर छोटी-बड़ी सफलता पर पोस्ट करते थे, इस बार उनकी खामोशी ने सवाल खड़े कर दिए।

पर्सनल लाइफ ने भी बढ़ाई अटकलें

सोशल मीडिया पर फैंस के दावे के मुताबिक, क्रुणाल और उनकी पत्नी पंखुड़ी शर्मा टी20 विश्वकप के दौरान स्टेडियम में भी हार्दिक को सपोर्ट करते नहीं दिखे। वहीं, हार्दिक भी पंखुड़ी के जन्मदिन पर पोस्ट करते नजर नहीं आए, जो पहले आम बात थी। इसके अलावा, क्रुणाल और पंखुड़ी को हार्दिक की एक्स-वाइफ नताशा स्टेनकोविच के साथ देखा गया, जबकि हार्दिक माहिका शर्मा के साथ अलग नजर आए। हार्दिक ने क्रुणाल को लेकर पिछला पोस्ट 2025 में किया था। तब हार्दिक ने क्रुणाल को आरसीबी के साथ आईपीएल खिताब जीतने पर बधाई दी थी। इन सभी बातों ने फैंस के बीच शक को और मजबूत किया।

मैदान पर क्रुणाल का दमदार प्रदर्शन

जहां एक तरफ विवाद की बातें हो रही हैं, वहीं मैदान पर क्रुणाल पांड्या का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने अपनी पुरानी टीम मुंबई के खिलाफ चार ओवर में 26 रन देकर एक विकेय लिया और किफायती गेंदबाजी की। क्रुणाल ने सूर्यकुमार यादव का अहम विकेट लिया। मैच के बाद क्रुणाल ने कहा, 'वानखेड़े हमेशा मेरे दिल के करीब रहा है। मैंने यहां छह साल खेला है और तीन ट्रॉफी जीती हैं। एक पांड्या को तो जीतना ही था, और इस बार मैं भाग्यशाली रहा।' आरसीबी ने मुंबई को 18 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 20 ओवर में चार विकेट पर 240 रन बनाए। जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 222 रन ही बना सकी।

क्या सच में है दरार या सिर्फ अफवाह?

फिलहाल, हार्दिक और क्रुणाल की ओर से इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। ऐसे में यह कहना मुश्किल है कि दोनों भाइयों के बीच सच में कोई विवाद है या यह सिर्फ मैच के माहौल और सोशल मीडिया की अटकलें हैं। लेकिन जिस तरह मैदान और सोशल मीडिया दोनों जगह बदलाव दिख रहा है, उसने फैंस को सोचने पर मजबूर जरूर कर दिया है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: The Bharat Now