Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
बिना चेतावनी WhatsApp अकाउंट हुए 'अंडर रिव्यू', कंपनी ने दी सफाई

बिना चेतावनी WhatsApp अकाउंट हुए 'अंडर रिव्यू', कंपनी ने दी सफाई

इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप WhatsApp ने सोमवार को भारत सहित कई देशों के अनेक यूजर्स के अकाउंट्स को अचानक 24 घंटे के लिए "अंडर रिव्यू" में डाल दिया। इस दौरान प्रभावित यूजर्स के लिए ऐप की लगभग सभी सुविधाएं अस्थायी रूप से बंद कर दी गईं।

बिना किसी पूर्व सूचना के हुई इस कार्रवाई के बाद बड़ी संख्या में यूजर्स ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी और परेशानी जाहिर की।

WhatsApp ने क्या कहा?

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए WhatsApp के एक प्रवक्ता ने कहा,"हम लगातार उन लोगों से आगे रहने की कोशिश करते हैं जो हमारी सेवा का दुरुपयोग करना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से हम कुछ अकाउंट्स पर कार्रवाई करते हैं ताकि अन्य यूजर्स सुरक्षित रह सकें। हालांकि, कई बार हमसे गलती भी हो सकती है। यदि ऐसा होता है, तो हम उसे जल्द से जल्द ठीक करने की कोशिश करते हैं ताकि यूजर्स दोबारा सामान्य रूप से चैट कर सकें।"

बिना चेतावनी के बंद हुई सेवाएं

भारतीय समयानुसार सोमवार रात करीब 8 बजे कई यूजर्स ने शिकायत की कि उनका WhatsApp अकाउंट अचानक "रिव्यू" में चला गया। इस दौरान वे मैसेज भेजने, प्राप्त करने और अन्य फीचर्स का उपयोग नहीं कर पा रहे थे।ऐप पर प्रभावित यूजर्स को यह संदेश दिखाई दिया:"Account in Review Date requested: 3 Aug 2026 आपके अकाउंट की गतिविधियों और डिवाइस की जानकारी की जांच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आपने हमारी सेवा की शर्तों का पालन किया है। आमतौर पर 24 घंटे के भीतर आपको इसका परिणाम बता दिया जाएगा।"

इसके नीचे WhatsApp ने "Learn about account issues" का विकल्प भी दिया, जिसमें जिम्मेदारी से WhatsApp इस्तेमाल करने संबंधी दिशा-निर्देश और "About stolen phone and accounts" जैसी जानकारी उपलब्ध कराई गई।

सोशल मीडिया पर यूजर्स की नाराजगी

अचानक अकाउंट बंद होने के बाद कई यूजर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी शिकायतें साझा कीं।एक यूजर ने लिखा, "मेरा WhatsApp अकाउंट बिना किसी वजह बताए डिसेबल कर दिया गया है। मैंने अपील भी कर दी है, लेकिन रिव्यू पेज पर सिर्फ इतना लिखा है कि आमतौर पर 24 घंटे में समीक्षा पूरी होगी। कृपया मेरी तुरंत मदद करें।"

वहीं सलोनी नाम की एक यूजर ने पोस्ट किया,"मेरा WhatsApp अकाउंट बिना किसी चेतावनी के अचानक डिसेबल हो गया। मैं केवल आधिकारिक WhatsApp ऐप का इस्तेमाल करती हूं और मेरा पूरा काम इसी पर निर्भर करता है। कृपया मदद करें। यह बिल्कुल अनावश्यक था।"

कई देशों के यूजर्स प्रभावित

जानकारी के अनुसार यह समस्या केवल भारत तक सीमित नहीं रही, बल्कि अन्य देशों के कई यूजर्स ने भी अपने अकाउंट्स के "रिव्यू" में जाने और सेवाएं बंद होने की शिकायत की। फिलहाल WhatsApp ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह तकनीकी गड़बड़ी थी, किसी ऑटोमेटेड सुरक्षा प्रणाली का हिस्सा थी या किसी अन्य कारण से यह कार्रवाई की गई।

कंपनी ने इतना जरूर कहा है कि यदि किसी अकाउंट पर गलती से कार्रवाई हुई है तो उसे जल्द से जल्द सामान्य स्थिति में लाने की कोशिश की जाएगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: The Federal desh