Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
अबूधाबी से इंदौर तक गोल्ड स्मगलिंग का बड़ा खुलासा! एयरलाइन कर्मचारी समेत 4 हिरासत में, डीआरआई ने ऐसे खोला पूरा नेटवर्क

अबूधाबी से इंदौर तक गोल्ड स्मगलिंग का बड़ा खुलासा! एयरलाइन कर्मचारी समेत 4 हिरासत में, डीआरआई ने ऐसे खोला पूरा नेटवर्क

इंदौर: अबूधाबी से इंदौर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट के जरिए सोने की तस्करी किए जाने के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने कार्रवाई करते हुए एक यात्री के पास से एक किलोग्राम से अधिक सोना बरामद किया।

दो दिनों तक चली पूछताछ के बाद जांच एजेंसी ने एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक कर्मचारी, एक सराफा व्यापारी और एक कार चालक की भूमिका सामने आने पर चार लोगों को हिरासत में ले लिया।

डीआरआई की पूछताछ में सामने आया पूरा नेटवर्क

सूत्रों के अनुसार, सोमवार तड़के अबूधाबी से इंदौर पहुंची फ्लाइट में सीट नंबर 12सी पर यात्रा कर रहे गोविंद पोरवाल को डीआरआई ने एयरपोर्ट पर पकड़ लिया। उसके कब्जे से एक किलो से अधिक सोना बरामद किया गया। जांच के दौरान एयर इंडिया एक्सप्रेस के ग्राउंड स्टाफ वासुदेव बरनाले की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद शहर के सराफा व्यापारी संजय और कार चालक अमन को भी हिरासत में लिया गया। बताया जा रहा है कि अमन पहले एयर इंडिया में कार्यरत रह चुका है।

चार लोगों को हिरासत में लेकर जांच तेज

जांच एजेंसी ने सोना लेकर आने वाले यात्री गोविंद पोरवाल, एयर इंडिया एक्सप्रेस के कर्मचारी वासुदेव बरनाले, कार चालक अमन और सराफा व्यापारी संजय अग्रवाल को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वासुदेव यात्री से सोने का पैकेट लेकर एयरपोर्ट से बाहर निकलता था और उसे अमन के हवाले कर देता था। इसके बाद अमन यह पैकेट सराफा व्यापारी संजय तक पहुंचाता था।

पहले भी कई बार अपनाया गया था यही तरीका

पूछताछ में यह भी जानकारी सामने आई है कि यह गिरोह पहले भी चार से पांच बार इसी तरीके से सोने की तस्करी कर चुका है। सूत्रों के मुताबिक, डीआरआई को पहले भी तस्करी की सूचना मिलती रही, लेकिन हर बार यात्री के पास से कुछ बरामद नहीं हो पाता था। इस बार एजेंसी ने विमान से ही यात्री की निगरानी की और सोना सौंपते ही कार्रवाई कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया।

दूसरे यात्री की भूमिका भी जांच के दायरे में

जांच में गोविंद पोरवाल के साथ यात्रा कर रहे एक अन्य यात्री श्रीनिवास की भूमिका भी संदेह के घेरे में बताई जा रही है। डीआरआई दोनों यात्रियों की पूर्व घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का रिकॉर्ड खंगाल रही है। एजेंसी को आशंका है कि पुराने मामलों की जांच में तस्करी का दायरा और बड़ा सामने आ सकता है।

सोने की खरीद-बिक्री और नेटवर्क की अन्य कड़ियों की जांच जारी

डीआरआई अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, तस्करी कर लाए गए सोने की खरीद-बिक्री और पूर्व में हुई संभावित तस्करी के मामलों की भी विस्तृत जांच कर रही है। एजेंसी पूरे मॉड्यूल की गतिविधियों का रिकॉर्ड जुटाने में लगी है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: The Lucknow Tribune