Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
जिलाधिकारी ने बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर का किया निरीक्षण, सौन्दर्यीकरण एवं साफ-सफाई के दिए निर्देश

जिलाधिकारी ने बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर का किया निरीक्षण, सौन्दर्यीकरण एवं साफ-सफाई के दिए निर्देश

गोण्डा: जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने जनपद स्थित बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर परिसर का संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर एवं उसके आसपास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्यटन की दृष्टि से आवश्यक व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर के समीप स्थित तालाब की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने पाया कि तालाब के सौन्दर्यीकरण एवं नियमित साफ-सफाई की आवश्यकता है। इस पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) रुपईडीह, कार्यदायी संस्था सी एण्ड डीएस तथा पर्यटन अधिकारी को संयुक्त रूप से तालाब के सौन्दर्यीकरण एवं साफ-सफाई का कार्य कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि बाबा पृथ्वीनाथ मंदिर जनपद का एक महत्वपूर्ण धार्मिक एवं आस्था का केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। ऐसे में मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तालाब की सफाई के साथ-साथ उसके आसपास हरियाली विकसित करने, आवश्यक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परिसर की समुचित देखरेख की व्यवस्था भी की जाए।

उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों एवं धार्मिक स्थलों के विकास से न केवल स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलता है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराते हुए प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने जिलाधिकारी को प्रस्तावित कार्यों एवं विकास योजनाओं के संबंध में जानकारी भी दी। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: The Lucknow Tribune