समझें क्या है पूरा मामला...
- 1 जून 2025 से कॉमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 53.50 रुपए तक बढ़ गई है।
- दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर अब 3113.50 रुपए में मिलेगा।
- 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर की कीमत 11 रुपए बढ़कर 821.50 रुपए हुई।
- घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
- जून में LPG के अलावा तीन और बड़े बदलाव भी एक साथ लागू हुए हैं।
जून में LPG सिलेंडर महंगा
जून महीने का पहला दिन आम लोगों और कारोबारियों के लिए एक झटके के साथ शुरू हुआ है। तेल कंपनियों ने 01 जून 2025 से कॉमर्शियल LPG (Liquified Petroleum Gas) सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। अलग-अलग शहरों में यह बढ़ोतरी 42 रुपए से लेकर 53.50 रुपए तक है।
कॉमर्शियल सिलेंडर के नए दाम
दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर पहले 3071.50 रुपए में मिलता था। अब इसकी कीमत 3113.50 रुपए हो गई है यानी 42 रुपए की बढ़ोतरी। कोलकाता में सबसे ज्यादा 53.50 रुपए का इजाफा हुआ है और कीमत 3255.50 रुपए पहुंच गई है। मुंबई में यह 3067.50 रुपए और चेन्नई में 3283 रुपए हो गया है।
रेस्टोरेंट और कैटरिंग पर असर
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर वही होता है जो होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे और कैटरिंग कारोबार में इस्तेमाल होता है। जब इसके दाम बढ़ते हैं तो इसका सीधा बोझ खाने-पीने की चीजों पर पड़ता है। चाय, नाश्ते और थाली की कीमतें बढ़ सकती हैं। शादियों में कैटरिंग का बजट भी बिगड़ सकता है।
5 किलो वाला छोटा सिलेंडर भी बढ़ा
कॉमर्शियल सिलेंडर के साथ-साथ 5 किलो वाले FTL (Free Trade LPG) सिलेंडर की कीमत भी 11 रुपए बढ़ाई गई है। पहले यह 810.50 रुपए में मिलता था, अब 821.50 रुपए देने होंगे। इस सिलेंडर को छोटा सिलेंडर भी कहते हैं।
इसे खरीदने के लिए कोई एड्रेस प्रूफ नहीं देना पड़ता। प्रवासी मजदूर, छात्र और छोटे दुकानदार इसका सबसे ज्यादा इस्तेमाल करते हैं। इनके लिए यह बढ़ोतरी सीधे जेब पर चोट करती है।
घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में राहत यह है कि उनमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। 5 किलो घरेलू सिलेंडर अभी भी 339 रुपए पर स्थिर है।
बड़े शहरों में घरेलू सिलेंडर के दाम
यदि घरेलू सिलेंडर की बात करें तो दिल्ली में 913 रुपए, मुंबई में 912.50 रुपए, कोलकाता में 939 रुपए और चेन्नई में 928.50 रुपए में मिल रहा है। भोपाल में 918.50 रुपए, जयपुर में 916.50 रुपए, रायपुर में 984 रुपए और पटना में 1011 रुपए की कीमत है। ये दाम फिलहाल स्थिर हैं और इनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम क्यों बढ़े?
बता दें कि, तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को यह तय करती हैं कि गैस सिलेंडर सस्ता होगा या महंगा। इसके पीछे सीधा-सा नियम है-इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल और गैस की कीमतें जितनी घटेंगी या बढ़ेंगी, उसी हिसाब से हमारे यहां भी दाम बदल जाते हैं।
अभी दाम बढ़ने की दो-तीन मुख्य वजहें हैं:
ग्लोबल मार्केट का दबाव: पूरी दुनिया के बाज़ार में इस वक्त गैस और तेल की कीमतें ऊपर चल रही हैं।
मिडिल ईस्ट का तनाव: मध्य पूर्व (Middle East) के देशों में जो तनाव और लड़ाई-झगड़े का माहौल बना हुआ है, उसकी वजह से गैस की सप्लाई को लेकर डर बना हुआ है।
जब भी दुनिया में ऐसा कोई संकट आता है, तो गैस बाजार पर उसका सीधा असर पड़ता है और कीमतें बढ़ जाती हैं।
आज से हुए कई बड़े बदलाव
पेट्रोल-डीजल पर एक्सपोर्ट ड्यूटी घटी
जून में दूसरा बड़ा बदलाव पेट्रोल, डीजल और ATF (Aviation Turbine Fuel) यानी हवाई जहाज के ईंधन पर हुआ है। केंद्र सरकार ने इन पर एक्सपोर्ट ड्यूटी (Export Duty) यानी निर्यात शुल्क घटा दिया है। पेट्रोल के निर्यात पर अब 1.5 रुपए प्रति लीटर ड्यूटी है। डीजल पर 13.5 रुपए और ATF पर 9.5 रुपए प्रति लीटर तय की गई है। इससे रिफाइनरी कंपनियों को फायदा होगा। घरेलू पेट्रोल और डीजल के दामों पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।
HDFC बैंक का SMS बदलाव
तीसरा बदलाव HDFC बैंक के ग्राहकों से जुड़ा है। बैंक ने छोटे UPI (Unified Payments Interface) लेन-देन पर SMS अलर्ट बंद कर दिया है। अब पैसे भेजने पर सिर्फ तभी SMS आएगा जब रकम 100 रुपए से ज्यादा होगी। पैसे मिलने पर SMS तभी आएगा जब खाते में 500 रुपए से ज्यादा आएंगे। चाय, सब्जी या ऑटो जैसे छोटे खर्चों पर बार-बार SMS नहीं आएगा।
सोलर पैनल पर नया नियम
चौथा बदलाव सोलर एनर्जी से जुड़ा है। अब रूफटॉप (Rooftop) सोलर और नेट-मीटरिंग (Net-Metering) प्रोजेक्ट में सिर्फ सरकार की मान्यता प्राप्त कंपनियों के सोलर पैनल ही लगाए जा सकेंगे। इससे शुरुआत में खर्च थोड़ा ज्यादा हो सकता है। वहीं, लंबे समय में बेहतर क्वालिटी और वारंटी वाले पैनल मिलेंगे। घरेलू सोलर उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
ये खबरें भी पढ़िए...

