मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। बरगी बांध में करीब 34 यात्रियों से भरा एक क्रूज अचानक पलट गया। बांध का पानी गहरा है, इसलिए हादसा और भी घातक साबित हुआ।
सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचा। फौरन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
चार महिलाओं ने गंवाई जान
हादसे में 4 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है। चारों महिलाएं हैं। यह खबर मौके पर मौजूद परिजनों के लिए किसी सदमे से कम नहीं थी। 22 यात्रियों को बचाव दल ने समय रहते पानी से बाहर निकाला। उन्हें सुरक्षित किनारे पर लाया गया। कुछ यात्रियों ने तैरकर अपनी जान बचाई। मृतकों में नीतू सोनी. सोभाग्यम अलागन, मधु मैसी और काकोलाझी शामिल हैं। हालांकि 8 पर्यटक अब भी लापता हैं।
रेस्क्यू में जुटी टीमें
एसडीआरएफ (SDRF - State Disaster Response Force) और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर तैनात हैं। गोताखोर बांध की गहराई में उतरकर लापता लोगों को तलाश रहे हैं। नावों की मदद से बांध के विस्तृत इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बचाव दल ने देर रात एलियाज हुसैन नामक व्यक्ति को जिंदा बाहर निकाला।
मंत्री, सांसद, कलेक्टर देर रात तक मौके पर
बरगी बांध नर्मदा नदी पर बना है। यहां पानी काफी गहरा है और अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू में अतिरिक्त मुश्किल आ रही है। फिर भी टीमें पूरी ताकत से काम में लगी हैं। पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह, सांसद आशीष दुबे और जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह देर रात तक मौके पर ही मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारी भी डटे हुए हैं और राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

