Dailyhunt
चारधाम यात्रा का झांसा देकर जज से ठगी, हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर उड़ा दिए 1.7 लाख रुपए

चारधाम यात्रा का झांसा देकर जज से ठगी, हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर उड़ा दिए 1.7 लाख रुपए

News in Short

  • जज से 1 लाख 7 हजार 793 रुपए की साइबर ठगी।
  • चारधाम यात्रा के नाम पर दिया गया झांसा।
  • कार और हेलीकॉप्टर पैकेज का ऑफर।
  • फर्जी बिल और पर्यटन पंजीयन पत्र भेजकर भरोसा जीता।
  • गोरखपुर थाने में FIR, पुलिस जांच शुरू।

News in Detail

जबलपुर के कटंगा निवासी विशेष न्यायाधीश (NDPS) प्रमेंद्र सिंह ने इंटरनेट पर चारधाम यात्रा से जुड़ा एक आकर्षक विज्ञापन देखा। इस विज्ञापन में हेलीकॉप्टर से यात्रा कराने का दावा किया गया था। परिवार के साथ यात्रा की योजना बनाकर उन्होंने विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क किया। यह नंबर बाद में ठगी का जाल साबित हुआ।

टूर ऑपरेटर बनकर किया भरोसा हासिल

फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने खुद को टूर कंपनी का संचालक बताया। उसने हरिद्वार से चारधाम यात्रा कराने का पैकेज ऑफर किया। प्रति व्यक्ति 25 हजार 500 का खर्च बताया और एडवांस राशि मांगी। जज ने भरोसा कर 17 मार्च को 45 हजार 900 और 20 मार्च को 61 हजार 893 ट्रांसफर कर दिए।

भेजें उत्तराखंड पर्यटन के फर्जी दस्तावेज

ठगों ने केवल पैसे ही नहीं लिए, बल्कि पूरे प्रोफेशनल तरीके से जाल बुना। उन्होंने यात्रियों के आधार कार्ड, फोटो और अन्य दस्तावेज भी मंगवाए। इसके बाद टूर कंपनी के नाम से फर्जी बिल और उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड का नकली पंजीयन पत्र भेजकर भरोसा और मजबूत किया।

दोबारा पैसे मांगने पर हुआ शक

कुछ दिनों बाद जब ठगों ने फिर से अतिरिक्त राशि की मांग की, तब जज को शक हुआ। उन्होंने दिए गए नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने असली कंपनी की वेबसाइट से संपर्क किया, जहां से साफ हुआ कि वह नंबर और पूरा ऑफर फर्जी था।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की शिकायत गोरखपुर थाने में दर्ज की गई है। पुलिस ने मोबाइल नंबर और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के आधार पर जांच शुरू की है। ASP पल्लवी शुक्ला के अनुसार, साइबर ठगों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

ऑनलाइन बुकिंग में बरतें सतर्कता

यह मामला फिर से साबित करता है कि साइबर ठग अब पेशेवर तरीके से काम कर रहे हैं। खासकर यात्रा और हेलीकॉप्टर बुकिंग जैसे आकर्षक ऑफर्स पर ठगी बढ़ रही है। किसी भी ऑनलाइन बुकिंग से पहले कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट और सत्यापन जरूर करें।

खरगोन में 10 करोड़ फिरौती और फायरिंग कांड में लॉरेंस गैंग के 12 गुर्गे गिरफ्तार

भूकंप के झटकों से कांपा जम्मू-कश्मीर, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

महाकाल: द मास्टर ऑफ टाइम पर मंथन, उज्जैन को विश्व कालगणना का केंद्र बनाने जुटे वैज्ञानिक

एमपी में किसानों के कर्ज और ब्याज माफी पर बीजेपी विधायक ने खोला मोर्चा, सीएम को लिखा पत्र

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: d sutr