News In Short
- चार साल का बच्चा और दादा घर से लापता हो गए थे।
- इंदौर पुलिस ने 12 घंटे में खोजने का दावा किया।
- असल में आईएएस के ड्राइवर ने दोनों को देखा था।
- ड्राइवर उन्हें रात एक बजे थाने लेकर पहुंचा था।
- बाद में पुलिस ने परिजनों को सौंपा था।
News In Detail
इंदौर में सोमवार दोपहर को पलासिया थाना क्षेत्र से चार साल का मासूम तृष्णु उर्फ हर्षल अपने दादा प्रभुदयाल यादव के साथ घर से चला गया था। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया। पलासिया पुलिस को शिकायत की गई। पुलिस को रात दो बजे बच्चा मिल गया और 12 घंटे में परिजनों को उनका बच्चा और दादा मिल गए।
पुलिस ने मासूम और दादा के मिलने पर यह बताया
पलासिया टीआई सुरेंद्र रघुवंशी ने घटना को लेकर बताया था कि 20 अप्रैल को दोपहर दो से तीन बजे के बीच पीडब्ल्यूडी कॉलोनी क्षेत्र से चार साल का बच्चा अपने दादा के साथ अचानक गायब हो गया। परिजनों ने दादा की कमजोर मानसिक स्थिति का हवाला देते हुए आशंका जताई कि कोई अज्ञात व्यक्ति उन्हें बहला-फुसलाकर ले गया होगा।
तत्काल आठ टीमें बनाकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और बच्चे की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की गई। लगातार सर्च के दौरान देर रात करीब दो बजे सूचना मिली कि आजाद नगर क्षेत्र में एक पानी के प्याऊ के पास बच्चा और उसका दादा बैठे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित कब्जे में लिया।
अब उस रात की यह है सच्चाई
उम्र के चलते दादा की मानसिक स्थिति पूरी तरह ठीक नहीं है। वह मासूम के साथ भटकते हुए रेडियो कॉलोनी, रेजीडेंसी एरिया में पहुंच गए थे। सोमवार रात करीब साढ़े 11 बजे एक आईएएस अधिकारी का ड्राइवर वहां से गुजरा और दादा और बच्चे को बैठे देखा।
दादा ड्राइवर को कुछ नहीं बता सके, लेकिन बच्चे ने यह जरूर बताया कि यह उनके दादा हैं। इसके बाद ड्राइवर ने आसपास के घरों में पूछा कि यह उनके यहां तो नहीं आए, लेकिन सभी ने मना कर दिया।
अपर कलेक्टर ने कहा थाने ले जाओ
फिर ड्राइवर को उसी एरिया में रहने वाले एक अपर कलेक्टर ने कहा कि इन्हें थाने ले जाओ। इसके बाद ड्राइवर बच्चे और दादा को लेकर आजाद नगर थाने पहुंचा। तब तक रात करीब एक बज गई थी। वहीं, आजाद नगर पुलिस ने पहले आनाकानी की और कहा कि वह एरिया तो संयोगितागंज थाने में आता है, वहां चले जाओ।
फिर मासूम और दादा की हालत देखकर थाने में बैठा लिया। इसी दौरान उन्होंने पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर चलाई गई गुमशुदगी वाली जानकारी देखी। इस पर पलासिया पुलिस को सूचना दी गई। पलासिया पुलिस ने बच्चे और दादा को थाने से लिया और परिजनों को सौंपा।
क्या बोल रहे हैं पुलिस अधिकारी
टीआई पलासिया सुरेंद्र रघुवंशी ने कहा कि हमने सर्च टीम बनाकर लगातार जांच जारी रखी। फोन तो कई जगह से आ रहे थे कि बच्चा और दादा यहां हैं। रात को भी फोन आया तो हमने ही कहा कि उन्हें थाने पर ले जाओ, हम आते हैं और लेकर आए। पूरी टीम लगातार लगी रही।
टीआई आजाद नगर लोकेश भदौरिया ने कहा कि बच्चे और दादा को कौन थाने लेकर आया, इसकी जानकारी तो नहीं है, लेकिन वे थाने में बैठे हुए थे। हमने पलासिया पुलिस को इसकी जानकारी दी और फिर पलासिया पुलिस ने उन्हें थाने से ले जाकर परिजनों को सौंपा।
ये खबर भी पढ़िए...

